ऋषिकेश। ब्रेस्ट कैंसर जनजागरुकता माह के तहत एम्स के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में ब्रेस्ट कैंसर पर लोगों को जागरुक करने के लिए पिंक वॉल तैयार की गई। जिसके तहत दीवार पर बनाई गई गुलाबी कलाकृतियों के माध्यम से दुनिया में बढ़ते ब्रेस्ट कैंसर के मामलों के कारण, बचाव के उपाय, स्तन कैंसर की अपने स्तर पर जांच पड़ताल और चिकित्सकीय उपचार को लेकर विभिन्न जानकारियां दी गई।
प्राचार्य,कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग प्रो. (डॉ.) स्मृति अरोड़ा व असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रूचिका रानी के मार्गदर्शन में नर्सिंग छात्राओं ने इस वर्ष की थीम ‘थ्राइव 365’ पर आधारित स्तन कैंसर से संबंधित तथ्यों व जानकारियों को कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग की दीवार पर प्रस्तुत किया।
‘पिंक वॉल ऑफ़ अवेयरनेस’ के तहत तैयार की गई कलाकृतियों के जरिए लोगों को ब्रेस्ट कैंसर से जुड़े आंकड़े, बीमारी के लक्षण, कारण, जांच के तौर तरीके व बचाव के उपाय सहित तमाम जानकारियां उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही इस बीमारी से ग्रसित मरीज के मनोबल को बढ़ाने के स्लोगन लिखी तख्तियां भी प्रदर्शित की गई।
