पाकिस्तान से हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आए तीर्थयात्रियों की बस हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई. इन तीर्थयात्रियों की बस गोविंद घाट गुरुद्वारे की ओर आ रही थी कि अचानक तेज ढलान में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा. बस सड़क किनारे बिजली के तारों पर अटक गई.
सिखों के पवित्र धाम हेमकुंड साहिब की यात्रा के लिए पाकिस्तान से तीर्थ यात्रियों की संगत आई थी. संगत को ले जा रही बस गोविंद घाट गुरुद्वारे की ओर आ रही था. वहां तेज ढलान था. ढलान होने के कारण वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे आगे की तरफ हैवी बिजली लाइन की तारों के साथ लटक गयी. बस में 15 महिला, पुरुष और बच्चे सवार थे.
ये सूचना जब थानाध्यक्ष गोविन्द घाट को मिली तो वो मय पुलिस फोर्स बिना देर किए तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे. घटनास्थल पर पहुंचकर कर विद्युत विभाग से सम्पर्क कर बिजली की लाइन को बंद करवाया गया.
बस में सवार संगत के लिए आए तीर्थ यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. सभी तीर्थयात्रियों की जानमाल की हिफाजत कर वाहन को दो मशीनों की सहायता से सुरक्षित सड़क पर लाया गया. इस तरह चमोली पुलिस की सक्रियता से एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया. चमोली पुलिस द्वारा किये इस कार्य के लिए गुरुद्वारा ट्रस्ट और पाकिस्तान संगत ने पुलिस की प्रशंसा की है.
