चमोली, (प्रदीप लखेड़ा):आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से चमोली पुलिस द्वारा जिलेभर में लगातार कड़ी निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। आदर्श आचार संहिता को प्रभावी रूप से लागू बनाए रखने के लिए अवैध शराब, नशे के कारोबार और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरंतर सघन अभियान चलाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में थाना नंदानगर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बांजबगड़ रोड पर आलीबगड़ बैंड के पास से एक व्यक्ति को 96 पव्वे अंग्रेजी अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान इन्द्र सिंह रावत, निवासी ग्राम बांजबगड़, नंदानगर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना नंदानगर में मु0अ0सं0- 22/25, धारा 60 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
वहीं जनपद भर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन लगाम” अभियान के तहत, थाना थराली पुलिस ने देर रात सड़क किनारे सार्वजनिक स्थान पर शराब पी रहे तीन व्यक्तियों — भीम पुत्र राम (निवासी पंती, नारायणबगड़), वीरेंद्र पुत्र दलबीर, और सनी पुत्र करन — के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्यवाही की। तीनों को भविष्य में ऐसी हरकत से बचने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
चमोली पुलिस अधीक्षक द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और चुनाव को प्रभावित करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का यह अभियान आगामी चुनावों तक निरंतर जारी रहेगा ।





