देहरादून, उत्तराखंड की प्रकृति प्रेम और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक हरेला पर्व श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू), देहरादून में पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ द्वारा विशेष पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
यह अभियान विश्वविद्यालय के कृषि क्षेत्र (पथरीबाग कैंपस) एवं मातावाला बाग परिसर में संपन्न हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं, फैकल्टी सदस्यों, एनएसएस समन्वयकों, डीन, निदेशकों, मुख्य प्रॉक्टर तथा अन्य विश्वविद्यालय अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विविध प्रजातियों के पौधे रोपित किए। सभी प्रतिभागियों ने हरेला पर्व को प्रकृति से जुड़ाव और संरक्षण के पर्व के रूप में मनाया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कृषि संकायाध्यक्ष डॉ. कमला ध्यानी, डॉ. नवीन गौरव, रवींद्र कुमार तथा एनसीसी के दोनों बालक एवं बालिका विंग्स के एएनओ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पौधारोपण का उद्देश्य केवल हरियाली बढ़ाना नहीं था, बल्कि छात्रों और समाज में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी था।
एसजीआरआर विश्वविद्यालय की यह हरित पहल पर्यावरणीय स्थिरता की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम है और विश्वविद्यालय की हरित प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हरेला पर्व पर यह प्रयास पर्यावरण के संरक्षण के प्रति एक सकारात्मक और जागरूक समाज निर्माण की दिशा में प्रभावी संदेश बनकर उभरा है।
