देहरादून/रुद्रपुर, रुद्रपुर में आयोजित तथाकथित “उत्तराखंड निवेश उत्सव” को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इस आयोजन को एक और प्रचारमूलक मंच में तब्दील कर दिया है, जिसमें किए गए दावे जमीनी हकीकत से कोसों दूर हैं।
गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा मंच से प्रस्तुत किए गए निवेश और विकास के आंकड़े महज काग़ज़ी घोषणाएं हैं, जिनका धरातल पर कोई असर नहीं दिखता। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर वाकई एक लाख करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर उतर चुका है, तो:
- कहाँ हैं वो निवेश?
- कितने उद्योग स्थापित हुए?
- कितने युवाओं को रोजगार मिला?
औद्योगिक क्षेत्रों की जमीनी हकीकत उजागर करते हुए, उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकतर औद्योगिक क्षेत्र अव्यवस्था, अधूरी बुनियादी सुविधाओं और बेरोजगारी की चपेट में हैं।
भ्रष्टाचार पर सरकार के दावों को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि सीएम धामी द्वारा 2000 भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की बात की गई है, लेकिन सच्चाई यह है कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार संस्थागत रूप ले चुका है।
उन्होंने पूछा:
- उद्यान घोटाला और सैन्यधाम घोटाले में क्या कार्रवाई हुई?
- आय से अधिक संपत्ति वाले मंत्रियों पर सरकार चुप क्यों है?
“निवेश मित्र” और 260 ऑनलाइन सेवाओं को उन्होंने छलावा बताया। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं के दावे केवल दिखावा हैं, क्योंकि आज भी व्यापारी वर्ग को फाइलों के ढेर, रिश्वतखोरी और राजनीतिक हस्तक्षेप का सामना करना पड़ रहा है।
गृह मंत्री अमित शाह के बयानों को लेकर भी गरिमा ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर “हवन में हड्डी डालने” जैसे शब्द प्रयोग कर क्या भाजपा लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका खत्म करना चाहती है? क्या सच्चाई उजागर करना अब नकारात्मक राजनीति है?
राज्य की जमीनी स्थिति पर बात करते हुए उन्होंने कहा:
- युवा बेरोजगारी से जूझ रहा है,
- महंगाई चरम पर है,
- औद्योगिक विकास केवल पोस्टरों तक सीमित है,
- ग्रामीण अंचलों से पलायन जारी है,
- वन्य जीवों का आतंक बढ़ा है,
- महिला अपराध के मामलों में उत्तराखंड अन्य हिमालयी राज्यों से आगे निकल चुका है,
- सत्ता से जुड़े लोग अपराधों में संलिप्त हैं,
- अवैध खनन और माफिया राज अपने चरम पर है,
- लोक कलाकारों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भी छीनी जा रही है।
अंत में, दसौनी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब खोखले आयोजनों और झूठे प्रचार से ऊब चुकी है। कांग्रेस हर गांव, शहर और मंच पर भाजपा के झूठ का पर्दाफाश करेगी और सच्चाई को सामने लाएगी।
“विकास केवल आंकड़ों से नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाले परिणामों से मापा जाता है। उत्तराखंड को खोखले उत्सव नहीं, बल्कि मजबूत नीति और ईमानदार सरकार की जरूरत है।”
