देहरादून, चौकी खुड़बुड़ा, कोतवाली नगर क्षेत्र से एक 10 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ बालक के लापता होने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए जनपद के सभी थानों को अलर्ट जारी किया गया एवं बालक की फोटो सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स के माध्यम से साझा की गई।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून द्वारा जनपद भर में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। निर्देशों के क्रम में थाना प्रेमनगर पर नियुक्त चीता मोबाइल ड्यूटी के पुलिस कर्मियों द्वारा हाईवे पर एक बालक को पैदल विकासनगर की ओर जाते हुए देखा गया, जिसकी पहचान कंट्रोल रूम से प्राप्त फोटो से मेल खाती पाई गई।
बालक को स्नेहपूर्वक विश्वास में लेते हुए थाना प्रेमनगर लाया गया एवं उसके परिजनों को सूचित किया गया। कुछ ही समय में परिजन थाने पहुंचे, जहां बालक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों द्वारा बताया गया कि बालक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और खेलते-खेलते घर से निकल गया था।
बालक को सकुशल पाकर परिजनों ने दून पुलिस की त्वरित एवं मानवीय कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया।
