देहरादून। राष्ट्रीय खेल दिवस पर इस बार उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए बड़ा तोहफ़ा तैयार है। देहरादून परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में राज्य सरकार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को करीब 22 करोड़ रुपये की नगद इनामी राशि प्रदान करेगी।
राज्य मंत्री एवं उपाध्यक्ष राज्य खेल परिषद हेमराज बिष्ट ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 11.69 करोड़ रुपये की धनराशि दी जाएगी। इसके अलावा विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले 432 खिलाड़ी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले 27 खिलाड़ी भी नकद पुरस्कार से नवाजे जाएंगे।
हेमराज बिष्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने खेलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और बेहतर सुविधाएँ देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। यह आयोजन निश्चित रूप से खिलाड़ियों का हौसला और ऊँचा करेगा। वहीं, राज्य की खेल मंत्री रेखा आर्य ने भी सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों को बधाई दी और समारोह की जानकारी साझा की।
योजनाओं से खिलाड़ियों को लाभ
- मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना : 8 से 14 वर्ष तक के 3900 खिलाड़ियों को 1.75 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे खातों में भेजी जाएगी।
- मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना : 14 से 23 वर्ष तक के 2199 खिलाड़ियों को 3.97 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के ज़रिए दी जाएगी।
दोनों योजनाओं के लाभार्थियों को मई, जून और जुलाई माह की राशि एक साथ हस्तांतरित की जाएगी।
राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड का प्रदर्शन
38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 103 पदक (24 स्वर्ण, 35 रजत और 44 कांस्य) जीते। इस प्रदर्शन से राज्य ने पदक तालिका में 25वें स्थान से छलांग लगाकर 7वां स्थान हासिल किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आकर्षण का केंद्र
समारोह में पांडवाज बैंड अपनी प्रस्तुति देगा। साथ ही योगासन और मलखंब जैसी पारंपरिक खेल विधाएँ भी प्रदर्शित की जाएंगी, जो दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित करेंगी।





