देहरादून। ऑयलफील्ड उपकरण निर्माण में वैश्विक अग्रणी कंपनी सारा साईं प्राइवेट लिमिटेड को वर्ष 2023-24 के लिए ब्राइट बार्स एवं अन्य विविध उत्पाद – मध्यम उद्यम श्रेणी में स्टार परफॉर्मर अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित 56वें ईईपीसी इंडिया राष्ट्रीय निर्यात उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में प्रदान किया गया, जो ईईपीसी इंडिया की 70वीं प्लेटिनम जुबली समारोह का हिस्सा था। इस अवसर पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए इंजीनियरिंग क्षेत्र की आर्थिक विकास, तकनीकी प्रगति और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय राज्य मंत्री (वाणिज्य, उद्योग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी) जितिन प्रसाद, ईईपीसी इंडिया के अध्यक्ष पंकज चड्ढा और उपाध्यक्ष आकाश शाह उपस्थित रहे। कंपनी के प्रबंध निदेशक सुमित धवन ने कहा, “यह सम्मान हमारे लिए गर्व का क्षण है। चार दशकों से हमारा उद्देश्य वैश्विक तेल एवं गैस उद्योग को उत्कृष्ट इंजीनियरिंग समाधान उपलब्ध कराना और उच्चतम गुणवत्ता मानकों का पालन करना रहा है। यह पुरस्कार हमारे कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और ग्राहकों के विश्वास का प्रतीक है।” उन्होंने विशेष रूप से अपनी पत्नी श्रुति धवन के योगदान को सराहा तथा बताया कि उनकी बड़ी बेटी सुहानी धवन तीसरी पीढ़ी के रूप में कंपनी से जुड़ चुकी हैं, जबकि छोटी बेटी गौरीसा धवन अपनी शिक्षा पूरी कर लौटने के बाद कंपनी में शामिल होंगी। सुमित धवन ने इसे “साईं बाबा की कृपा और आशीर्वाद का परिणाम” बताया। कंपनी आने वाले समय में सऊदी अरब, कुवैत, अल्जीरिया और ओमान जैसे प्रमुख मध्य-पूर्व देशों में अपनी उपस्थिति बढ़ा रही है। हाल ही में कंपनी को कुवैत में 3,000 एचपी टेंडर सहित कई नए ऑर्डर मिले हैं। अमेरिका में लगाए गए टैरिफ के बाद कंपनी ने रणनीतिक रूप से अमेरिकी बाजार से ध्यान हटाकर मध्य-पूर्व पर फोकस किया है। उत्तराखंड स्थित अपने मुख्यालय से संचालित सारा साईं प्रा. लि. 25 से अधिक फील्ड सर्विस इंजीनियरों की वैश्विक टीम के साथ दुनिया भर में ग्राहकों को सेवाएं देती है। पिछले तीन वर्षों में कंपनी ने अपने सभी उत्पादन संयंत्रों को पूरी तरह सौर ऊर्जा आधारित संचालन में परिवर्तित कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय कदम उठाया है। वर्ष 1980 में वी.के. धवन द्वारा स्थापित यह कंपनी, दुनिया की सबसे पुरानी सक्रिय अमेरिकन पेट्रोलियम इंस्टीट्यूट (API) 16C लाइसेंसधारी कंपनी है (लाइसेंस संख्या 16C-0003)। अब तक कंपनी ने विश्वभर में 2,000 से अधिक BOP कंट्रोल यूनिट्स की आपूर्ति की है। दून स्कूल, देहरादून और ह्यूस्टन विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र सुमित धवन के नेतृत्व में कंपनी नवाचार, स्थिरता और वैश्विक उत्कृष्टता पर निरंतर आगे बढ़ रही है। कर्मचारियों को परिवार मानने की परंपरा को निभाते हुए कंपनी ने हाल ही में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया और कैंटीन का नवीनीकरण कर निःशुल्क भोजन को प्रसाद स्वरूप उपलब्ध कराया है। पत्रकार वार्ता में कंपनी के वीपी टेक्निकल जगमोहन सिंह, वीपी कमर्शियल मनीष मेहरा तथा एचआर हेड भी उपस्थित रहे।
