Advertisement

सीएम धामी ने किया उद्घाटन, बोले – खेल संस्कृति को मिले नया मुकाम

By: Naveen Joshi

On: Friday, September 19, 2025 9:19 PM

Google News
Follow Us
------

 

हल्द्वानी बना अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजन का केंद्र, 5 दिन चलेगा ‘फेंसिंग का महासंग्राम’

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में एशियाई कैडेट कप फेंसिंग प्रतियोगिता का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ी अपने अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच से न केवल खेलों में नई ऊंचाइयों को छूएंगे, बल्कि समाज के सामने भी आदर्श प्रस्तुत करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेलों के समग्र विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरकार ने नई खेल नीति लागू की है। इसके तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी दी जा रही है। साथ ही “मुख्यमंत्री खेल विकास निधि”, “मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना”, “मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना” और “खेल किट योजना” से युवाओं को संबल प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि खेल विश्वविद्यालय और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना हल्द्वानी में शीघ्र होगी, जिससे खेल शिक्षा को नई पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए “उत्तराखंड खेल रत्न” और “हिमालय खेल रत्न पुरस्कार” भी दे रही है। इसके अलावा राजकीय सेवाओं में खिलाड़ियों के लिए 4% खेल कोटे को पुनः लागू किया गया है।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड अब केवल राष्ट्रीय नहीं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है। राज्य में 517 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि पहली बार अंतर्राष्ट्रीय फेंसिंग प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर देवभूमि उत्तराखंड को प्राप्त हुआ है।

इससे पूर्व राष्ट्रीय फेंसिंग महासंघ के महासचिव राजीव मेहता ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन एशियाई फेंसिंग परिसंघ की ओर से किया जा रहा है। 23 सितंबर तक चलने वाले इस महासंग्राम में तजाकिस्तान, सीरिया, मलेशिया, श्रीलंका, थाईलैंड और इंडोनेशिया सहित विभिन्न देशों से 250 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। भारत से भी करीब 150 खिलाड़ी बालक-बालिका वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

कार्यक्रम में विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, प्रमोद नैनवाल, उत्तरांचल ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेलप्रेमी एवं अन्य देशों से आए खिलाड़ी मौजूद रहे।

Static 1 Static 1

Naveen Joshi

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment