देहरादून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शाह नगर बस्ती से पथ संचलन कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ हुआ। यह संचलन डिफेंस कॉलोनी से प्रारंभ होकर गोरखपुर चौक – विधानसभा – शिवलोक होते हुए पुनः डिफेंस कॉलोनी में संपन्न हुआ। परंपरागत गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने घोष दल की धुन पर अनुशासित कदमताल कर समाज में अनुशासन और एकता का संदेश दिया। मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) के.डी. सिंह ने की। इस अवसर पर संघचालक के.एन. भट्ट, नगर कार्यवाह हरेन्द्र कण्डारी और विभाग प्रचारक धनंजय उपस्थित रहे। विभाग प्रचारक धनंजय ने शाखा के महत्व, समाज सेवा और संगठनात्मक एकता पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के सैकड़ों स्वयंसेवकों की सहभागिता रही। स्थानीय समाज ने इसे प्रेरणादायी क्षण बताया।
