देहरादून, । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहस्त्रधारा क्रॉसिंग स्थित बाजार का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों व स्थानीय नागरिकों से संवाद कर स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना हमारी परंपराओं एवं स्थानीय उद्योगों को सशक्त करने के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में सहायक है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उत्तराखंड की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया।
धामी ने दुकानदारों से बाजार क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने, ग्राहक सुविधा और सुव्यवस्थित प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा हेतु निरंतर प्रयासरत है और व्यापारिक गतिविधियों के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं विधायक उमेश शर्मा काऊ भी उपस्थित रहे।
