देहरादून। गुरु नानक कॉलेज, देहरादून में विश्व हृदय दिवस 2025 हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम “धड़कन न छूटे” रही। कार्यक्रम का उद्देश्य हृदय स्वास्थ्य के प्रति छात्रों और समाज को जागरूक करना था।
कॉलेज परिसर में पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, जागरूकता पदयात्रा एवं स्वास्थ्य विषयक वार्ताओं का आयोजन किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ छात्रों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें CPR (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की विधि को सरल व प्रभावशाली ढंग से समझाया गया।
इस अवसर पर कॉलेज के सीईओ भूपिंदर सिंह ने कहा कि शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ हृदय स्वास्थ्य पर जागरूकता एक स्वस्थ पीढ़ी के निर्माण की नींव है। सीओओ विनीत अरोड़ा ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को सामाजिक जिम्मेदारी का बोध कराते हैं। सीएसओ सैथजीत सिंह ने इसे समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला कदम बताया। रजिस्ट्रार डॉ. ललित कुमार ने कहा कि हृदय जीवन का केंद्र है, इसकी देखभाल स्वयं से प्रेम की पहली सीढ़ी है। निदेशक डॉ. एस. दुरैवेल ने कहा कि कॉलेज शिक्षा के साथ जीवन मूल्यों को भी समान महत्व देता है।
नर्सिंग प्रिंसिपल लोलीता लाल ने छात्रों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी का स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना भविष्य के लिए शुभ संकेत है।
कार्यक्रम की सफलता में आयोजन समिति, शिक्षकों और छात्रों की अहम भूमिका रही। आयोजन ने न केवल जागरूकता बढ़ाई, बल्कि एक जिम्मेदार और स्वस्थ समाज की दिशा में सार्थक पहल भी सिद्ध हुआ।
