---Advertisement---

ग्राफिक एरा में विश्वविजेता स्नेह राणा का भव्य स्वागत, फूलों की बारिश से गूँजा कैंपस

By: Naveen Joshi

On: Friday, November 14, 2025 6:42 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

 

देहरादून,  महिला क्रिकेट वर्ल्ड चैम्पियन टीम की स्टार ऑलराउंडर स्नेह राणा का आज ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी पहुंचने पर अभूतपूर्व स्वागत किया गया। छात्र-छात्राओं ने उन पर फूलों की बारिश की और ढोल-नगाड़ों की थाप पर पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया।

सिल्वर जुबली कंवेंशन सेंटर में आयोजित समारोह में स्नेह राणा ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि जब उन्होंने क्रिकेट को अपना कैरियर चुना था, तब महिला क्रिकेट की पहचान बेहद सीमित थी। “किसी को भरोसा नहीं था कि महिला क्रिकेट में भी कैरियर बन सकता है, लेकिन परिवार और दोस्तों ने हर कदम पर मेरा साथ दिया,” उन्होंने कहा। राणा ने हँसी-मज़ाक में बताया कि जब भी वे रास्ते से भटकने लगीं, उनके दोस्त “लप्पड़ मारकर ठीक कर देते थे।”

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में महिला क्रिकेट के लिए माहौल न होने के कारण उन्हें छोटी उम्र में पंजाब जाकर प्रशिक्षण लेना पड़ा, जो स्वयं में एक बड़ी चुनौती थी। राणा ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि जिस भी क्षेत्र में कैरियर चुनें, पूरी लगन, धैर्य और फोकस के साथ आगे बढ़ें—“सफलता एकदम से नहीं मिलती, लेकिन संघर्ष ही सच है।”

विश्व विजेता खिलाड़ी ने हर विकेट के बाद अपने दिवंगत पिता को याद करने की अपनी विशेष शैली का भी उल्लेख किया। उन्होंने ग्राफिक एरा में मिल रहे प्रेम और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। स्नेह राणा वर्तमान में ग्राफिक एरा की एमबीए छात्रा हैं। समारोह को संबोधित करते हुए ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि चोट से उबरकर पाँच साल बाद नेशनल टीम में वापसी करना स्नेह की असाधारण दृढ़ता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि स्नेह राणा आज उत्तराखंड सहित पूरे देश की लड़कियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं और अब बेटियाँ भी क्रिकेट में भविष्य देखने लगी हैं। डॉ. घनशाला ने युवाओं से खेल भावना अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल ही वह माध्यम है जो इंसान को मानसिक व शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं और असफलता से उबरकर आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला एवं वाइस चेयरपर्सन डॉ. राखी घनशाला ने स्नेह राणा और उनकी माता विमला राणा का सम्मान किया तथा 11 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भेंट की। स्नेह राणा ने ग्राफिक एरा के बैट, बॉल और टी-शर्ट पर हस्ताक्षर भी किए। इस अवसर पर ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर डॉ. राकेश शर्मा, कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह, प्रो-वीसी डॉ. संतोष एस. सर्राफ, कुलसचिव डॉ. नरेश कुमार शर्मा, स्नेह राणा की मैनेजर दिव्या बाजपेई, अभिषेक सहित अनेक पदाधिकारी, शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन साहिब सबलोक ने किया।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment