विरासत महोत्सव पर प्रस्तुत किया विस्तृत प्रेजेंटेशन
देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से मंगलवार को राजभवन में रीच संस्था के पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट कर देहरादून में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले विरासत महोत्सव के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
बैठक में पदाधिकारियों ने राज्यपाल को अवगत कराया कि रीच संस्था वर्ष 1995 से लगातार विरासत महोत्सव का आयोजन कर रही है। यह प्रतिष्ठित आयोजन अब अपनी 30 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा पूरी कर चुका है। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में देश-प्रदेश के साथ ही विदेशों से भी कलाकारों, उद्यमियों और दर्शकों की सक्रिय भागीदारी रहती है। संस्था ने महोत्सव के सफल संचालन, व्यवस्थाओं तथा वर्तमान चुनौतियों पर भी अपनी विस्तृत रिपोर्ट राज्यपाल के समक्ष प्रस्तुत की।
राज्यपाल ने कहा कि “विरासत”— अपने नाम के अनुरूप हमारी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने 30 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे इस महोत्सव के लिए रीच संस्था के प्रयासों की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजनों को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है।
राज्यपाल ने बड़े सांस्कृतिक आयोजनों हेतु वित्तीय सुदृढ़ता को अनिवार्य बताते हुए सुझाव दिया कि सीएसआर, निजी उद्यमियों तथा सरकारी संस्थानों से सहयोग के दायरे को और विस्तृत किया जाए। उन्होंने कहा कि ओएनजीसी सहित अन्य प्रमुख संस्थान इस दिशा में महत्वपूर्ण सहयोगी बन सकते हैं। साथ ही युवाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि वे अपनी संस्कृति और विरासत से गहराई से जुड़ सकें।
राज्यपाल ने आश्वस्त किया कि वे अपने स्तर से विरासत महोत्सव के सुचारू एवं निरंतर आयोजन के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे। इस अवसर पर संस्था के महासचिव आर.के. सिंह, हेमंत अरोड़ा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
