देहरादून/यमुनोत्री। राजकीय महाविद्यालय राणा गीठ में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु एक जन-जागरण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नेता संदीप राणा ने की। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए संदीप राणा ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य, निर्णय क्षमता और दिनचर्या पर सीधा व गंभीर प्रभाव डालता है। विद्यार्थी जीवन में नशे से दूरी ही प्रगति का आधार है। उन्होंने नशे के दुष्परिणाम, इसके लगातार बढ़ते प्रभाव एवं बचाव के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि नशा धीरे-धीरे शरीर और मानसिक स्वास्थ्य दोनों को प्रभावित करता है। इसकी शुरुआत भले ही छोटी लगे, लेकिन परिणाम अत्यंत गंभीर होते हैं। राणा ने युवाओं से नशे के प्रति पूरी तरह सजग रहने और इसे सामाजिक बुराई के रूप में खुलकर विरोध करने की अपील की।
स्थानीय मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने कहा कि राणा गांव में शराब और मांस की दुकान से क्षेत्र का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है, जिसे बंद किया जाना आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दुकानें बंद नहीं की गईं तो क्षेत्र में आंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रेम सिंह चौहान, प्रकाश भारती, सोवन राणा (अध्यक्ष, होटल एसोसिएशन), वीरेन्द्र परमार, महावीर पवार, केन्द्र पयाल, दिनेश राणा (पूर्व प्रधान ), शारदा परमार, संगीता चौहान, निर्मला भारती, भजन चौहान, मनोज लाल, जगमोहन राणा, सुनिल बैसारी, मोहन पाल, कुलदीप रावत सहित भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
