देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हालिया औचक निरीक्षण के बाद देहरादून आईएसबीटी की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद बस अड्डे में सफाई व्यवस्था, यात्री सुविधाएँ, टिकट काउंटर, रूट संचालन तथा सुरक्षा प्रबंधन में उल्लेखनीय सुधार देखा जा रहा है। इससे यात्रियों और दुकानदारों दोनों को राहत मिली है।
निरीक्षण के बाद परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। यात्री सूचना बोर्ड और अनाउंसमेंट सिस्टम को दुरुस्त किया गया है। पेयजल, शौचालय और बैठने की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से सभी सीसीटीवी कैमरों को पूर्णत: क्रियाशील कर दिया गया है। वहीं सुरक्षा गार्डों की प्लेटफार्म पर नियमित गश्त भी शुरू हो गई है।
बस स्टेशन के अंदर पार्किंग को सुव्यवस्थित किया गया है, जिससे भीड़भाड़ कम हुई है और यात्रियों को काफी सुविधा हो रही है।
आईएसबीटी में बसों की आवाजाही और सफाई कर्मचारियों की मॉनिटरिंग अब नियमित रूप से की जा रही है। परिसर में बड़े साइनबोर्ड लगाए जा रहे हैं। प्लेटफार्म पर लगे टूट-फूट वाले पत्थरों के पुनर्निर्माण तथा रोड निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। आने वाले समय में नए प्लेटफार्म भी यात्रियों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
आईएसबीटी के दुकानदार सचिन रतूड़ी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद सफाई और यात्री सुविधाओं में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि अब यात्रियों को स्वच्छ पेयजल, साफ शौचालय और बेहतर बैठने की सुविधा मिल रही है।
वहीं आगरा से आए यात्री मोहित बघेल ने कहा कि उत्तराखंड की छवि धार्मिक पर्यटन स्थल की तरह अब इसके बस स्टैंड की व्यवस्था में भी नजर आने लगी है। भोजन, पेयजल, शौचालय और एटीएम की सुविधाएँ व्यवस्थित रूप से उपलब्ध हैं।
आईएसबीटी के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर केशवानंद गुवाड़ी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद परिसर की सड़क निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री की स्वच्छ और सुरक्षित यात्रा की प्रतिबद्धता अब आईएसबीटी की बदलती व्यवस्था में साफ दिखाई दे रही है।”
