देहरादून। स्थानीय बन्नू स्कूल के विशाल मैदान में आयोजित इंडिया ग्लोबल ग्रैंड ट्रेड फेयर देहरादूनवासियों के बीच लगातार लोकप्रिय बना हुआ है। शनिवार को सर्द मौसम के बावजूद मेले में सुबह से ही खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खास तौर पर फूड कोर्ट में देश-विदेश के व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखा गया।
मेले में महिलाओं को ऑर्गेनिक बंबू क्रोकरी ने विशेष रूप से आकर्षित किया। चीन, जर्मनी, ताइवान और असम से लाई गई आकर्षक ऑर्गेनिक बंबू क्रोकरी की जमकर खरीदारी हुई। शाही मेहमानों की मेहमाननवाजी के लिए उपयुक्त मानी जाने वाली इस क्रोकरी में ट्रे, प्लेटें, कटोरियां, डिनर सेट सहित कई घरेलू आइटम उपलब्ध हैं। दिल्ली के संजय सेठी एवं मीनू सेठी के स्टॉल पर महिलाओं ने विशेष उत्साह के साथ खरीदारी की।
इसके अलावा मेले में लेदर से बने आकर्षक बैग, जैकेट, महिलाओं के पर्स तथा पुरुषों के पॉकेट पर्स भी लोगों की पसंद बने रहे। सर्द मौसम को देखते हुए गर्म कुर्तियां, गरम सूट, शॉल, पर्दे एवं अन्य घरेलू सामान की भी जमकर बिक्री हुई। महिलाओं एवं युवतियों ने विशेष रूप से गर्म कपड़ों की खरीदारी में रुचि दिखाई।
खरीदारी के साथ-साथ फूड कोर्ट भी लोगों का प्रमुख आकर्षण रहा। यहां लखनऊ की प्रसिद्ध तंदूरी गुड़ की चाय, अमृतसरी नान, दिल्ली के छोले-भटूरे और चाट, सिक्किम का चाइनीज फूड, महाराष्ट्र के पारंपरिक व्यंजन, अन्ना डोसा, राजस्थान का देसी भोजन तथा कुल्लू-मनाली के मशहूर लड्डुओं का लोगों ने भरपूर आनंद लिया।
सर्द मौसम में बादलों के बीच छिपी धूप के बावजूद शनिवार को मेले में भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। आकर्षक और शाही सामान की खरीदारी के साथ-साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाते हुए लोगों ने इंडिया ग्लोबल ग्रैंड ट्रेड फेयर को एक यादगार अनुभव बताया।
