देहरादून, माननीय मुख्यमंत्री की पहल पर संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, प्रशासन गांव की ओर” अभियान के अंतर्गत विकासखंड डोईवाला की न्याय पंचायत दुधली में सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी अपर्णा ढौडियाल ने की। इस अवसर पर विधायक बृजभूषण गौरोला, प्रमुख क्षेत्र पंचायत डोईवाला, भाजपा जिला अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया और अपनी जनसमस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। कुल 53 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बहुउद्देशीय शिविर के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा कुल 430 लाभार्थियों को अलग-अलग विभागों की योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया।
पंचायतीराज विभाग द्वारा 25 परिवार रजिस्टर की नकल, 03 जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र एवं 07 राशन कार्ड संबंधी मामलों का निस्तारण किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा 35 पात्र लाभार्थियों की किसान, विधवा, दिव्यांग एवं वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत की गई। होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर में 34 लोगों की जांच की गई, जबकि पशुपालन विभाग द्वारा 16, कृषि विभाग द्वारा 28 तथा उद्यान विभाग द्वारा 07 लाभार्थियों को निःशुल्क सेवाएं प्रदान की गईं। विद्युत विभाग ने 06 बिजली बिल संबंधी समस्याओं का समाधान किया, वहीं श्रम विभाग द्वारा 05 श्रमिकों के श्रम कार्ड बनाए गए।
शिविर में प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 12 शिकायतें वन विभाग से संबंधित रहीं। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग की सड़कों से संबंधित 09, सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभाग से सुरक्षा दीवार व नहरों से जुड़ी 12, ग्राम्य विकास की 05 तथा पेयजल, विद्युत, राजस्व, परिवहन, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग से एक-एक शिकायत प्राप्त हुई।
इस अवसर पर न्याय पंचायत क्षेत्र के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान हेतु इस प्रकार के शिविरों को प्रभावी माध्यम बताया गया।
