---Advertisement---

बुक्सा समाज के गौरव राजा जगतदेव की प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण, धामी सरकार ने गदरपुर को दी विकास की सौगात

By: Naveen Joshi

On: Friday, January 2, 2026 11:15 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

देहरादून/उधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने  उधमसिंह नगर जनपद के गदरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रोशनपुर डलबाबा में बुक्सा जनजाति समाज के महान योद्धा एवं लोकनायक राजा जगतदेव की प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजा जगतदेव के जीवन को त्याग, वीरता, धर्मनिष्ठा और संस्कृति संरक्षण का अमूल्य उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री  धामी ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक प्रतिमा के अनावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बुक्सा जनजाति की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और बलिदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि राजा जगतदेव ने कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। उनका जीवन स्वाभिमान, आस्था और अदम्य साहस की प्रेरणादायी गाथा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उधमसिंह नगर, नैनीताल, कोटद्वार सहित राज्य के अनेक क्षेत्रों में निवास करने वाला बुक्सा समाज आज भी अपनी परंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों और आत्मसम्मान को जीवंत बनाए हुए है। राज्य सरकार जनजातीय समुदायों के सांस्कृतिक संरक्षण, इतिहास के दस्तावेजीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार के क्षेत्र में पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राजा जगतदेव की गौरवगाथा पर शोध कार्य किए जाने चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ियाँ उनके जीवन से प्रेरणा ले सकें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी कीं। ग्राम सभा रोशनपुर स्थित श्री डलबाबा मंदिर परिसर में चाहरदीवारी, टीनशेड, फर्श एवं शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही ग्राम बलरामनगर से खेमपुर तक लगभग 3 किलोमीटर सड़क तथा ग्राम सीतापुर से एएनके इंटर कॉलेज तक लगभग 4 किलोमीटर सड़क के पुनर्निर्माण कार्य कराए जाएंगे।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुघ, दर्जामंत्री मंजीत सिंह राजू, जिलाधिकारी उधमसिंह नगर  नितिन भदौरिया तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  मणिकांत मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment