देहरादून।,उत्तरांचल प्रेस क्लब की नव निर्वाचित कार्यकारिणी ने शनिवार को अध्यक्ष अजय राणा एवं महामंत्री योगेश सेमवाल के नेतृत्व में सूचना एवं लोक संपर्क निदेशालय में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर सूचना महानिदेशक तिवारी ने नव निर्वाचित कार्यकारिणी को चुनाव में जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। बैठक के दौरान उत्तरांचल प्रेस क्लब के नए भवन निर्माण की प्रगति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। तिवारी ने बताया कि प्रेस क्लब भवन निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा इसे शीघ्र पूर्ण कराने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से प्रयासरत है।
प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने इस दौरान पत्रकारों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को सूचना महानिदेशक के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र समाधान का आग्रह किया। इस पर श्री तिवारी ने आश्वस्त किया कि पत्रकारों की सभी समस्याओं का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
सूचना महानिदेशक ने कहा कि मीडिया कर्मियों के हितों के संरक्षण के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उन्हें हर स्तर पर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि उत्तरांचल प्रेस क्लब के भवन निर्माण को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए प्रशासन निरंतर कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र नेगी, महामंत्री योगेश सेमवाल, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा एवं मीना नेगी, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, कार्यकारिणी सदस्य , रश्मि खत्री, ओम प्रकाश (ओपी) जोशी एवं मनवर रावत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
