देहरादून, जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड कालसी की सुदूरवर्ती न्याय पंचायत पंजीटिलानी के मिनी स्टेडियम में प्रभारी मंत्री श्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में वृहद बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।
शिविर में प्रभारी मंत्री एवं जिलाधिकारी सविन बंसल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा जिला सूचना अधिकारी कार्यालय द्वारा प्रकाशित “विकास पुस्तिका–2025” का विमोचन भी किया। शिविर के माध्यम से 1286 से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।
प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल ने जनसुनवाई के दौरान कहा कि माननीय मुख्यमंत्री का स्पष्ट विज़न है कि सरकार की योजनाएं पारदर्शी, सरल और समयबद्ध ढंग से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है और किसी भी नागरिक को बुनियादी सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने आश्वस्त किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी और संबंधित विभागों द्वारा समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
शिविर में ग्राम पंजीटिलानी, सलगा, खमरौली, चिबोऊ, टिबोऊ, मलोऊ, चन्दोऊ, खोई, सुयोऊ, जिसऊ घराना सहित आसपास के गांवों से आए ग्रामीणों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा कुल 178 समस्याएं रखी गईं। इनमें सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, वन, मुआवजा, सोलर लाइट एवं आर्थिक सहायता से संबंधित मुद्दे प्रमुख रहे। प्रभारी मंत्री ने जनसुनवाई शाम 5:30 बजे तक करते हुए अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया तथा शेष मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्रामीणों द्वारा खमरौली–चिबऊ मोटर मार्ग में घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग की शिकायत पर जांच के निर्देश दिए गए। विभिन्न मोटर मार्गों से संबंधित मुआवजा एवं निर्माण कार्यों की समस्याओं पर लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई को संयुक्त निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। पेयजल से जुड़ी शिकायतों पर जल संस्थान को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य सेवाओं, विद्यालय भवनों की जर्जर स्थिति तथा शिक्षकों की उपस्थिति जैसे मामलों में भी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा 544 लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर दवाओं का वितरण किया गया, जिसमें एलोपैथिक, होम्योपैथिक एवं आयुर्वेदिक सेवाएं शामिल रहीं। साथ ही 50 आयुष्मान कार्ड, 18 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए, 57 लोगों के आधार अपडेट किए गए तथा 18 टीबी जांच की गई।
कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, पशुपालन, राजस्व, पंचायती राज, पूर्ति, श्रम, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा, विद्युत सहित विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभ प्रदान किया गया। वयोश्री योजना के अंतर्गत वृद्धजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए तथा सामाजिक पेंशन के कई मामलों को स्वीकृति प्रदान की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक जिले में 13 हजार से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जा चुका है तथा ढाई हजार से अधिक शिकायतों का निस्तारण किया गया है।
शिविर में राज्यमंत्री, जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी, विभागीय अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। यह बहुउद्देशीय शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ और शासन की जनोन्मुखी कार्यशैली का प्रभावी उदाहरण बना।
