देहरादून/दिल्ली।उत्तराखण्ड को वर्षभर के 365-दिवसीय पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक पहल की है। देश में पहली बार उत्तराखण्ड पर्यटन विभाग द्वारा पैन-इंडिया एकीकृत रोड शो अभियान की शुरुआत की गई है, जिसके तहत राज्य के पर्यटन उत्पादों को संगठित एवं समन्वित रूप से देशभर में प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को दिल्ली स्थित एक स्थानीय होटल में आयोजित उत्तराखण्ड पर्यटन पैन-इंडिया ‘द ललित’ एकीकृत रोड शो का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर सहित देशभर के ट्रैवल ट्रेड और पर्यटन उद्योग को उत्तराखण्ड के एडवेंचर, विंटर, वेलनेस, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और अनुभवात्मक पर्यटन से जोड़ना है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में प्रारम्भ की गई है, ताकि उत्तराखण्ड को सालभर सक्रिय पर्यटन राज्य के रूप में विकसित किया जा सके।
महाराज ने कहा कि उत्तराखण्ड को भविष्य के Wedding Destination, Spiritual Mega Circuit और International Tourism Gateway के रूप में विकसित करने की ठोस कार्ययोजना पर कार्य किया जा रहा है। यह रोड शो श्रृंखला पर्यटन निवेश, उद्योग सहभागिता और पर्यटक आगमन को कई गुना बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि राज्य की प्राथमिकता उत्तराखण्ड को शीतकालीन पर्यटन का राष्ट्रीय केंद्र बनाना है, जहाँ पर्यटक स्कीइंग, स्नो ट्रैकिंग और विंटर फेस्टिवल्स का आनंद ले सकें।
उन्होंने बताया कि जोशीमठ, औली और पांडुकेश्वर जैसे क्षेत्रों को विंटर चारधाम एवं सनशाइन टूरिज्म के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को वर्षभर दर्शन एवं आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हो सके। धारचूला से नेलांग घाटी तक Snow Leopard Sighting तथा नीति घाटी में Ultra Run जैसे आयोजनों से उत्तराखण्ड को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।
पर्यटन सचिव धीराज सिंह गबर्याल ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री के उत्तराखण्ड को Tourism Capital of India बनाने के संकल्प और मुख्यमंत्री के Year-Round Destination विज़न को ज़मीनी स्तर पर साकार करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। दिल्ली रोड शो ने यह सिद्ध कर दिया है कि उत्तराखण्ड एक सुरक्षित, विविध, निवेश-सक्षम और तेज़ी से उभरता पर्यटन राज्य है।
उत्तराखण्ड टूरिज्म रोड शो में उत्तराखण्ड एवं दिल्ली-एनसीआर के 250 से अधिक पर्यटन उद्योग से जुड़े हितधारकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बी2बी मीटिंग्स, प्रश्नोत्तर सत्र, नेटवर्किंग लंच तथा वन-टू-वन बिज़नेस एंगेजमेंट्स आयोजित किए गए, जिनमें टूर ऑपरेटरों, ट्रैवल एजेंसियों, होटल समूहों और एडवेंचर संस्थानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर पर्यटन सचिव धीराज सिंह गबर्याल, अपर सचिव पर्यटन अभिषेक रुहेला, गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विशाल मिश्रा, कुमाऊँ मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, पद्मश्री अजीत बजाज सहित अनेक विभागीय अधिकारी, उद्योग प्रतिनिधि एवं देश के प्रमुख टूर व ट्रैवल ऑपरेटर उपस्थित रहे।
