देहरादून।, राजपुर में बुजुर्ग महिला से हुई लूट की सनसनीखेज घटना का दून पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 08 लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी, 1.54 लाख रुपये नकद, पीड़िता का आई-फोन तथा घटना में प्रयुक्त वैगन-आर कार बरामद की गई है। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस लूट का मास्टरमाइंड पीड़ित परिवार का पूर्व ड्राइवर ही निकला।
दिनांक 18 जनवरी 2026 की तड़के थाना राजपुर को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि राजपुर रोड स्थित सांस्किया हॉस्पिटल के समीप श्री भुवन गांधी के आवास पर उनकी बुजुर्ग माता से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पीड़िता ने बताया कि उनके पुत्र 16 जनवरी को परिवार को छोड़ने दिल्ली गए थे। इसी दौरान 17 जनवरी की रात्रि दो अज्ञात व्यक्ति उनके कमरे में घुसे, उन्हें डरा-धमकाकर अलमारी में रखी ज्वैलरी व नगदी लूट ली और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। पीड़िता के पुत्र की तहरीर पर थाना राजपुर में अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर पुलिस ने 21 जनवरी 2026 को किरसाली चौक से मालदेवता रोड के बीच योगराज फार्म बैंड के पास चेकिंग के दौरान तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में बड़ा खुलासा, मुख्य अभियुक्त शफात अली ने बताया कि वह पूर्व में वादी के घर पर ड्राइवर का काम करता था, लेकिन कोरोना काल में नौकरी से हटा दिया गया था। इसके बावजूद वादी की बुजुर्ग माता उसे कभी-कभार गुरुद्वारे जाने के लिए बुलाती थीं। इसी दौरान उसे महिला के घर पर अकेले होने और घर में सीसीटीवी न होने की जानकारी मिली। इसके बाद उसने अपने साले नदीम और रिश्तेदार इश्तियाक के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
गिरफ्तार अभियुक्त, शफात अली पुत्र लाल मोहम्मद, निवासी बाराबंकी (उ.प्र.), हाल निवासी राजपुर, देहरादून, नदीम उर्फ गुड्डू पुत्र आशिक अली, निवासी अमेठी (उ.प्र.), इश्तियाक उर्फ कुल्ले पुत्र मुनीर, निवासी अमेठी (उ.प्र.), हाल निवासी राजपुर, देहरादून
बरामदगी, लगभग 08 लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी, 1,54,000 रुपये नकद, पीड़िता का आई-फोन, घटना में प्रयुक्त वैगन-आर कार, इस सफल अनावरण में थाना राजपुर पुलिस व एसओजी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पूरी टीम की सराहना करते हुए जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
