देहरादून/कुरूड़। नंदा देवी सिद्धपीठ कुरूड़ में पंचांग गणना के अनुसार बड़ी नंदा राजजात के आयोजन का शुभ मुहूर्त विधिवत रूप से घोषित किया गया। गौड़ ब्राह्मणों ने हक-हकूकधारियों की उपस्थिति में पूजा-अर्चना कर राजजात की तिथि तय की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष बड़ी नंदा राजजात का आयोजन 5 सितंबर 2026 से किया जाएगा। तिथि की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बन गया है।
उल्लेखनीय है कि नंदा देवी राजजात को लेकर इन दिनों सिद्धपीठ कुरूड़ और नौटी के बीच मतभेद की स्थिति बनी हुई है। श्री नंदा देवी राजजात समिति की ओर से अधिमास एवं व्यवस्थाओं का हवाला देते हुए राजजात के आयोजन को वर्ष 2027 तक स्थगित करने की घोषणा की गई है। वहीं, हक-हकूकधारियों ने इसे परंपराओं के विपरीत बताते हुए पंचांग के अनुसार इसी वर्ष राजजात आयोजन का निर्णय लिया है।
बसंत पंचमी के अवसर पर कुरूड़ स्थित नंदा देवी मंदिर में शुभ मुहूर्त निकाले जाने के साथ-साथ मंदिर प्रांगण में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान भजन-कीर्तन एवं धार्मिक गीतों की प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कुरूड़ मंदिर समिति के अध्यक्ष सुखवीर रौतेला ने बताया कि बड़ी नंदा राजजात की तिथि आधिकारिक रूप से घोषित कर दी गई है तथा आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बड़ी नंदा राजजात को क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और परंपरा से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन माना जाता है, जिसमें दूर-दराज़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।





