देहरादून, उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) की वर्षगांठ के अवसर पर 27 जनवरी 2026 को प्रदेशभर में ‘समान नागरिक संहिता दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम), नीबूंवाला, देहरादून में भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे।
यूसीसी दिवस के सफल आयोजन को लेकर गृह सचिव शैलेश बगौली, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) निवेदिता कुकरेती एवं जिलाधिकारी सविन बंसल ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से पूर्ण की जाएं।
गृह सचिव ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का प्रथम राज्य है, जो प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यूसीसी के लागू होने से सामाजिक समानता, न्याय एवं सुशासन को मजबूती मिली है तथा सभी नागरिकों के लिए समान कानून सुनिश्चित हुआ है। इससे राज्य में एकरूपता, पारदर्शिता एवं विश्वास का वातावरण सुदृढ़ हुआ है।
निरीक्षण के दौरान मंच व्यवस्था, सभागार, ध्वनि प्रणाली, बैठक व्यवस्था, सूक्ष्म जलपान, पेयजल, विद्युत, परिवहन, पार्किंग एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव शाह, अपर सचिव गृह एवं कारागार तृप्ति भट्ट, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, डीडीओ सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
समान नागरिक संहिता दिवस का कार्यक्रम 27 जनवरी को पूर्वाह्न 11:00 बजे नीबूंवाला ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बार काउंसिल, स्थानीय बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के विधि (कानून) के छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य नागरिक प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विशिष्ट नागरिकों के साथ-साथ विद्यालयों में आयोजित वाद-विवाद, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम को रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के उद्देश्य से ऑन-द-स्पॉट क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।
