देहरादून, जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट परिसर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में समस्याओं का अंबार उमड़ पड़ा। जनता दरबार में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, अतिक्रमण, मारपीट, भरण-पोषण, आपदा क्षतिपूर्ति, आर्थिक सहायता एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कुल 190 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनता दर्शन के दौरान मानवीय पीड़ा, सामाजिक अन्याय और संवेदनहीनता से जुड़े कई मार्मिक मामले सामने आए। निराश्रित, असहाय एवं पीड़ित नागरिकों की व्यथा सुनते हुए प्रशासन ने गंभीर मामलों में तत्काल संज्ञान लिया।
बुजुर्ग विधवाओं पर अत्याचार, भरण-पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई
80 वर्षीय असहाय विधवा कांता देवी ने बताया कि उनके पुत्रों ने उन्हें घर से निकाल दिया है और उनकी स्वयं की भूमि पर झोपड़ी तक नहीं बनाने दी जा रही। इस गंभीर मामले में एसडीएम सदर को भरण-पोषण एवं वरिष्ठ नागरिक संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में डोईवाला निवासी 85 वर्षीय कमला देवी एवं चंद्रबनी निवासी विधवा पुष्पा देवी ने पुत्र एवं पुत्रवधू द्वारा मारपीट कर घर से निकालने तथा संपत्ति हड़पने की शिकायत की, जिस पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए भरण-पोषण अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
कैंसर पीड़ित पति के इलाज को बेची जमीन, मौत के बाद विधवा से पूरी संपत्ति हड़पी
डोईवाला निवासी 56 वर्षीय विधवा सुनीता देवी अपनी छोटी बच्ची के साथ जनता दरबार पहुंचीं। उन्होंने बताया कि कैंसर पीड़ित पति के उपचार हेतु उन्होंने एक बीघा भूमि विक्रय की थी, लेकिन पति की मृत्यु के बाद संबंधित व्यक्ति ने उनकी शेष भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस को जांच कर पीड़िता को भूमि पर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए गए।
अवैध कब्जों और भूमि विवादों पर सख्ती
उददीवाला निवासी 85 वर्षीय विक्रम सिंह तथा भाऊवाला निवासी दिलवर सिंह ने निजी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही ग्राम पंचायत भीतरली में ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों पर भी संबंधित विभागों को कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य, शिक्षा और आपदा से जुड़े मामलों पर त्वरित संज्ञान
एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद संक्रमण से जूझ रहे मरीज की शिकायत पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सरकारी अस्पताल में समुचित उपचार की व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
सहस्रधारा निवासी विकास कुमार द्वारा आर्थिक तंगी के चलते बच्चे की विद्यालय फीस माफ कराने की अपील पर संबंधित विभाग को सहानुभूतिपूर्वक निर्णय लेने को कहा गया।
कोटि कनासर क्षेत्र में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की चारदीवारी, जोथीं क्षेत्र में पुलिया मरम्मत तथा अतिवृष्टि से प्रभावित भवनों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में उप जिलाधिकारी को स्थलीय जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
नालियों की बदहाली पर नगर निगम को फटकार
डीएल रोड चौक से नालापानी रोड, रिस्पना तक सड़कों के किनारे नालियों में मलबा, बजरी और कीचड़ जमा होने से गंदा पानी भरने की शिकायत पर उप नगर आयुक्त को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त डोरन खास, सहस्रधारा रोड स्थित शिवाया एन्क्लेव में सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण को जांच कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
जनता दर्शन में एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम विनोद कुमार, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वी.के. ढौडियाल, डीपीओ जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
