देहरादून, । तिब्बती मार्केट के समीप हुई गैस एजेंसी स्वामी अर्जुन शर्मा की हत्या के मामले में दून पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मुख्य शूटरों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ में दोनों शूटर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली डालनवाला क्षेत्र अंतर्गत 11 फरवरी 2026 को प्रातः लगभग 10:30 बजे तिब्बती मार्केट के पास एक व्यक्ति को गोली मारने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को दून अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, देहरादून के रूप में हुई, जो जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।
घटना के संबंध में मृतक की पत्नी की तहरीर पर मु0अ0सं0 29/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में संपत्ति एवं पैसों के लेन-देन को लेकर पारिवारिक विवाद सामने आया।
सीसीटीवी से मिली अहम सुराग
घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण में स्कूटी सवार दो संदिग्धों द्वारा वारदात को अंजाम देने की पुष्टि हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों ने जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसकी पहचान राजीव उर्फ राजू (50) निवासी चक्खुवाला के रूप में हुई। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा व कारतूस बरामद हुआ।
इसी क्रम में डोईवाला क्षेत्र के लालतप्पड़ में बैरियर पर चेकिंग के दौरान दूसरे आरोपी पंकज राणा (52) ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में वह भी घायल हो गया। उसके पास से भी तमंचा व कारतूस बरामद हुए। दोनों अभियुक्त सगे भाई हैं।
12 लाख में तय हुई थी सुपारी
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक की मां बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। जीएमएस रोड स्थित संपत्ति की 14 करोड़ रुपये में डील हुई थी, जिसमें से 8 करोड़ रुपये दिए जा चुके थे। मृतक द्वारा संपत्ति पर न्यायालय से स्थगन आदेश लेने के बाद विवाद गहरा गया।
आरोप है कि संपत्ति विवाद के चलते अर्जुन शर्मा को रास्ते से हटाने के लिए 12 लाख रुपये में दोनों शूटरों से सौदा किया गया, जिसमें से 3 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।
मां समेत तीन अन्य आरोपी गिरफ्तार
हत्या की साजिश में शामिल मृतक की मां बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है।
बरामदगी, घटना में प्रयुक्त 02 तमंचे 315 बोर, जिंदा व खोखा कारतूस, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी
पुलिस द्वारा हत्या एवं पुलिस पर जानलेवा हमले के संबंध में अलग-अलग धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस टीम की सराहना की है।
