देहरादून, जनपद देहरादून से एसटीएफ उत्तराखण्ड स्थानान्तरण पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह को दून पुलिस ने दी भावभीनी विदाई
जनपद देहरादून से उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) में स्थानान्तरण होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह को दून पुलिस परिवार द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। पुलिस कार्यालय में आयोजित विदाई समारोह में जनपद के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल को स्मरण करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
अपने कार्यकाल के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने जनपद देहरादून में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण तथा पुलिसिंग व्यवस्था को जनोन्मुखी बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए। बतौर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उनका देहरादून में अब तक का सबसे लंबा कार्यकाल रहा, जिसमें उन्होंने टीम भावना के साथ प्रभावी नेतृत्व प्रदान किया।
विशेष रूप से राज्य स्थापना दिवस परेड का सफल नेतृत्व करते हुए उन्होंने पहली बार महामहिम राष्ट्रपति महोदया को मान प्रमाण प्रस्तुत कर जनपद एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाया। उनके कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण अभियानों को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया तथा पुलिस-जन संवाद को सशक्त बनाने की दिशा में सराहनीय पहल की गई।
विदाई समारोह के दौरान अधिकारियों ने उनके कुशल नेतृत्व, सहनशीलता, कार्य के प्रति समर्पण भाव एवं त्वरित निर्णय लेने की क्षमता की प्रशंसा की। इस अवसर पर नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने भी अजय सिंह के कार्यकाल को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से जनपद पुलिस को नई दिशा और ऊर्जा प्राप्त हुई है।
समारोह के अंत में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स में उनके आगामी कार्यकाल के लिए सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
