देहरादून। चरदीकला वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से रविवार को वसंत विहार स्थित मसल फैक्ट्री जिम में हेल्थ और फिटनेस जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फिटनेस एक्सपर्ट, मोटिवेशनल स्पीकर एवं विभिन्न क्षेत्रों में छह बार वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर तेजिंदर सिंह बॉबी उपस्थित रहे।
सेमिनार को संबोधित करते हुए तेजिंदर सिंह बॉबी ने कहा कि यह पहल युवा शक्ति, परिवार और समाज की बेहतर सेहत के लिए प्रेरणादायक कदम है। उन्होंने कहा, “यह समय है अपने शरीर, अपनी सेहत और अपने भविष्य के लिए सही निर्णय लेने का। ताकत वही जो सेहत के साथ हो, जीत वही जो जीवनभर साथ हो।”
उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि फिटनेस केवल मांसपेशियां बनाने या बाहरी आकर्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने का एक सशक्त माध्यम है, जो शरीर को मजबूत, मन को स्थिर और आत्मविश्वास को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं और उन्नत तकनीक के बावजूद लोग शारीरिक और मानसिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं, जिसका एक प्रमुख कारण सही मार्गदर्शन का अभाव और भ्रामक जानकारी का प्रसार है।
फिटनेस इंडस्ट्री में अप्रशिक्षित प्रशिक्षकों और गलत सलाह के बढ़ते चलन पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वास्थ्य संबंधी किसी भी जानकारी के लिए विशेषज्ञों से ही परामर्श लें। उन्होंने नियमित व्यायाम, संतुलित एवं शुद्ध आहार, घर का बना भोजन, हरी सब्जियां, फल, दाल, अंडे, मछली और नट्स को दैनिक आहार में शामिल करने पर जोर दिया। साथ ही युवाओं को शराब और सिगरेट से दूर रहने तथा दिनचर्या में शारीरिक श्रम को अनिवार्य रूप से शामिल करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में फिटनेस एक्सपर्ट एवं फाउंडेशन के डायरेक्टर आस्तीक थपलियाल सहित डायरेक्टर्स सुखजिंदर सिंह, नवीन कुमार, राहुल निर्मानिया, प्रदीप असवाल, राजा शर्मा, अनुज कन्नौजिया, राहुल वर्मा एवं रजत चौहान समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
