देहरादून, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) देहरादून के निर्देशन में ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत एसटीएफ ने जनपद ऊधम सिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे अवैध नशीली दवाओं के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त छापेमारी में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल, टैबलेट और कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह द्वारा राज्य में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ श्री विवेक कुमार के पर्यवेक्षण तथा पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ श्री आर.बी. चमोला के दिशा-निर्देशन में दिनांक 02 मार्च 2026 को निरीक्षक विकास चौधरी के नेतृत्व में एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने ड्रग इंस्पेक्टर एवं स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कोतवाली गदरपुर क्षेत्र में स्थित प्रतिष्ठित “कुमार मेडिकल हॉल” में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल, गोलियां एवं कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर स्वामी राजकुमार पुत्र बनवारी लाल (उम्र 53 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 01, गदरपुर को मौके से गिरफ्तार किया गया।
बरामद सामग्री में 9,416 प्रतिबंधित कैप्सूल (Dicyclomine HCI, Tramadol HCI एवं Acetaminophen), 1,300 Alprazolam 0.5 mg टैबलेट तथा 51 बोतल Codeine Phosphate एवं Triprolidine Hydrochloride युक्त कफ सिरप शामिल हैं। वर्ष 2026 में राज्य में अब तक की यह सबसे बड़ी नशीली दवाओं की खेप बताई जा रही है।
व्यावसायिक मात्रा में प्रतिबंधित ड्रग्स की बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध थाना गदरपुर में NDPS Act की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त: राजकुमार पुत्र बनवारी लाल, उम्र 53 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 01, गदरपुर (मेडिकल स्टोर स्वामी)
बरामदगी: Dicyclomine HCI, Tramadol HCI एवं Acetaminophen Capsules – 9416, Alprazolam Tablets I.P 0.5 mg – 1300, Codeine Phosphate एवं Triprolidine Hydrochloride Syrup – 51 बोतल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने अपने कार्यालय के दूरभाष नंबर 0135-2656202 एवं 9412029536 जारी करते हुए आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें तथा नशा तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना की तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखंड को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के अंतर्गत भविष्य में भी इसी प्रकार की सघन कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
