---Advertisement---

स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी पर बरसे सुरेंद्र सिंह रावत, किडनी मरीज को दी आर्थिक मदद

By: Naveen Joshi

On: Friday, March 6, 2026 6:52 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

देवप्रयाग, विधानसभा  के ग्राम मंजाकोट निवासी प्रमोद सिंह (पुत्र स्वर्गीय राम सिंह), जो पिछले चार वर्षों से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, की मदद के लिए कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह रावत आगे आए हैं। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के पीसीसी सदस्य एवं पूर्व प्रदेश सचिव सुरेंद्र सिंह रावत ने अपने निजी संसाधनों से पीड़ित को 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

प्रमोद सिंह ने सहायता के लिए सुरेंद्र सिंह रावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पिछले चार वर्षों से बीमारी से संघर्ष कर रहे हैं और इलाज के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे थे। कई प्रयासों के बावजूद उन्हें कहीं से आर्थिक मदद नहीं मिल पाई। ऐसे कठिन समय में सुरेंद्र सिंह रावत ने सहायता देकर मानवता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि रावत क्षेत्र के लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आए हैं।

इस दौरान सुरेंद्र सिंह रावत ने भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में आज भी पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में एक्स-रे, सीटी स्कैन और डायलिसिस सेंटर जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है।

उन्होंने यह भी कहा कि कई क्षेत्रों में आपातकालीन स्थिति के लिए एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था तक नहीं है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. प्रताप भंडारी भी मौजूद रहे। उन्होंने भी स्थानीय विधायक और सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक है। क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज के लिए आज भी बड़े शहरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जो सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े करता है।

सुरेंद्र सिंह रावत ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि देवप्रयाग क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वह क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाने के लिए वह हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए तैयार हैं।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment