Advertisement

,

श्रद्धा और भक्ति के साथ संगतों ने कंधों पर उठाया नया पवित्र ध्वजदण्ड

By: Naveen Joshi

On: Friday, March 6, 2026 7:11 PM

Google News
Follow Us
------

 

देहरादून,  दून की पावन धरती  श्रद्धा, आस्था और गुरु भक्ति से ओतप्रोत रही। श्री गुरु राम राय जी महाराज एवं  महंत देवेन्द्र दास  महाराज के जयकारों के साथ 94 फीट ऊँचे नए पवित्र ध्वजदण्ड (नए श्री झण्डे जी) को अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ श्री दरबार साहिब लाया गया। इस दिव्य और अलौकिक क्षण के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु संगतें दून नगरी में एकत्रित हुईं। पूरी दून घाटी गुरु महिमा, श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगी दिखाई दी। प्रातः ब्रह्ममुहूर्त से ही संगतों के श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बॉम्बे बाग पहुँचने का क्रम प्रारम्भ हो गया था। श्रद्धालु अपने हृदय में अपार आस्था और गुरु भक्ति का भाव लिए इस पावन क्षण की प्रतीक्षा कर रहे थे। यहाँ दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने संगतों को पावन दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान किया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।

महंत देवेन्द्र दास  महाराज की पावन अगुवाई में संगतों ने गुरु चरणों में अरदास अर्पित की। गुरु महिमा के जयकारों के बीच प्रातः लगभग 8 बजे श्रद्धालु संगतों ने नए पवित्र ध्वजदण्ड को अपने कंधों पर उठाया और श्री दरबार साहिब की ओर प्रस्थान किया। जैसे ही संगतों ने पवित्र ध्वजदण्ड को अपने कंधों पर धारण किया, पूरा वातावरण “श्री गुरु राम राय जी महाराज की जय”, “श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की जय” और “जय श्री झण्डे जी महाराज” के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

इस अवसर पर  महंत देवेन्द्र दास महाराज ने कहा कि श्री झण्डा महोत्सव प्रेम, स्नेह, सद्भाव, भाईचारा, मानवता, श्रद्धा और अटूट आस्था का प्रतीक पावन मेला है। यह मेला गुरु की कृपा और आशीर्वाद से सभी धर्मों, समुदायों और वर्गों के लोगों को एक सूत्र में पिरोता है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु श्री गुरु राम राय जी महाराज के पावन दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। गुरु महाराज की कृपा और संगतों की अपार श्रद्धा से यह मेला हर वर्ष और अधिक भव्य, दिव्य और आध्यात्मिक रूप में आयोजित होता है।

जब यह पावन शोभायात्रा श्री दरबार साहिब परिसर पहुँची, तब संगतों का उत्साह और भक्ति भाव चरम पर दिखाई दिया।  सुबह पथरी बाग क्षेत्र का दृश्य पूरी तरह भक्तिमय हो गया था। श्रद्धा, उमंग और गुरु भक्ति के अद्भुत संगम के बीच जैसे ही संगतों ने श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बॉम्बे बाग के प्रांगण से नए पवित्र ध्वजदण्ड को अपने कंधों पर उठाया, पूरा क्षेत्र गुरु महिमा के जयकारों से गूंज उठा।

संगतें पवित्र ध्वजदण्ड को लेकर टीएचडीसी चौक, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के सामने से होते हुए लाल पुल चौक पहुँचीं। वहाँ से यह पावन यात्रा मातावाला बाग और सहारनपुर चौक से होती हुई प्रातः लगभग 9:30 बजे अत्यंत श्रद्धा और भक्ति के साथ श्री दरबार साहिब पहुँची।

जिन-जिन मार्गों से संगतें नए पवित्र ध्वजदण्ड को लेकर गुजरीं, उन सभी मार्गों पर दूनवासी श्रद्धाभाव के साथ हाथों में पुष्प लिए स्वागत के लिए खड़े दिखाई दिए। जहाँ-जहाँ से संगत आगे बढ़ती, वहाँ श्रद्धालु शीश झुकाकर गुरु के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते और पुष्प वर्षा कर संगतों का स्वागत करते।

मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा संगतों के स्वागत और सेवा के लिए शबील, शीतल जल, फल एवं अन्य प्रसाद के लंगर की व्यवस्था भी की गई थी।

काबिलेगौर है कि नए पवित्र ध्वजदण्ड को तैयार करने में पिछले लगभग दो महीनों से कई कुशल कारीगर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटे हुए थे। ऐतिहासिक श्री झण्डे जी मेले की तैयारियों के चलते श्री दरबार साहिब में संगतों के आगमन का क्रम लगातार तेज हो गया है। इस वर्ष नए श्री झण्डे जी के आरोहण को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था का वातावरण बना हुआ है।

गुरुवार देर शाम से ही श्री दरबार साहिब परिसर में विशेष चहल-पहल आरम्भ हो गई थी। पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड सहित आसपास के कई राज्यों से हजारों श्रद्धालु गुरुवार शाम को ही श्री दरबार साहिब पहुँच गए थे और गुरु चरणों में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे थे।

8 मार्च से शुरू होगा ऐतिहासिक श्री झण्डा महोत्सव

8 मार्च को ऐतिहासिक श्री झण्डे जी का आरोहण किया जाएगा, जिसके साथ ही श्री झण्डा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुआई में 94 फीट ऊंचे श्री झण्डे जी का आरोहण किया जाएगा।

श्री दरबार साहिब प्रबंधन का अनुमान है कि इस पावन अवसर का साक्षी बनने के लिए लाखों श्रद्धालु यहाँ पहुंचेंगे। श्री झण्डा मेला आयोजन समिति के मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि संगतों के ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके तहत श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बिंदाल, तालाब, राजा रोड, भण्डारी बाग, पटेल नगर सहित विभिन्न धर्मशालाओं में ठहरने की व्यवस्था की गई है। साथ ही एक दर्जन से अधिक छोटे-बड़े लंगरों की व्यवस्था भी की गई है।

सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत मेला थाना तथा श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, पटेल नगर में मेला अस्पताल भी शुरू कर दिया गया है।

 

Static 1 Static 1

Naveen Joshi

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment