Advertisement

ग्राफिक एरा का युवाओं के लिए तोहफा: इंजीनियरिंग डिप्लोमा, एचएम और सिविल सेवा की निःशुल्क ट्रेनिंग

By: Naveen Joshi

On: Monday, March 9, 2026 5:11 PM

Google News
Follow Us

देहरादून/हल्द्वानी ,प्रोफेशनल एजुकेशन और प्लेसमेंट के क्षेत्र में कई कीर्तिमान स्थापित करने वाला ग्राफिक एरा ने इस सत्र में उत्तराखंड को एक नायाब तोहफा देगा। ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ कमल घनशाला ने आज यहां इसकी घोषणा की। इसी शैक्षणिक सत्र से ग्राफिक एरा राज्य के गरीब परिवारों के बच्चों बिना शुल्क इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कोर्स और होटल मैनेजमेंट की ट्रेनिंग कराएगा। इसके साथ ही उत्तराखंड की प्रतिभाओं को प्रशासनिक सेवाओं के लिए उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया जायेगा।

 

आज ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए चेयरमैन डॉ कमल घनशाला ने बताया कि इसी यूनिवर्सिटी की बीएससी (ऑनर्स) फिजिक्स की छात्रा रही मिनल नेगी का भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन होना उत्तराखंड में प्रतिभाओं की कमी न होने का प्रमाण है। हमारी होनहार छात्रा रही मिनल नेगी ने लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विसेज परीक्षा में केवल कामयाबी ही हासिल नहीं की, बल्कि देश भर में 66वीं रैंक पाकर अपनी प्रतिभा की छाप छोड़ी है। डॉ घनशाला ने बताया कि टिहरी के एक गांव डोबरा महड़ के अपर प्राइमरी स्कूल के शिक्षक की बेटी मिनल की राह बहुत कठिन थी, उन्हें सिविल सेवा की प्रतियोगी परीक्षा के लिए ऑनलाइन ट्रेनिंग पर निर्भर रहना पड़ा। मध्यम वर्गीय परिवार की बेटी मिनल नेगी ने सिविल सेवा में बेहतरीन रैंक पाकर उत्तराखंड के युवाओं को प्रेरणा दी है कि सच्ची लगन और जुनून हो, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं है। इसी तरह ग्राफिक एरा के भीमताल परिसर की बीटेक सिविल इंजीनियरिंग की छात्रा कर्निका नेगी ने आई ई एस में देश भर में 152 रैंक प्राप्त करके अपनी योग्यता की छाप छोड़ी है। ग्राफिक एरा के भीमताल परिसर से बीटेक की गुंजन भनवाल को एटलेशियन में 66.01 लाख रुपये वार्षिक, विभा चंदोला को गूगल में 54.84 लाख रुपये, अमेजॉन में सानिया पांडेय, मुकेश नेगी और शैलेश रौतेला को 47.88 लाख रुपये, वीजा में करन मटियाली व मयंक जोशी को 32.88 लाख रुपये के पैकेज मिले हैं। ग्राफिक एरा के हल्द्वानी परिसर से एटलेशियन में नेहा भट्ट को 61.99 लाख रुपये के पैकेज पर प्लेसमेंट मिला है।

 

डॉ घनशाला ने कहा कि उत्तराखंड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, ग्राफिक एरा ने राज्य की प्रतिभाओं को निखारने और भविष्य संवारने के लिए देहरादून और हल्द्ववानी में प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी के लिए प्रशिक्षण देने का निर्णय किया है। गरीब परिवारों के बच्चों को आगे आने का अवसर देने के लिए उन्हें यह प्रशिक्षण निशुल्क दिया जायेगा।

 

डॉ घनशाला ने कहा कि उत्तराखंड के काफी युवा किसी ट्रेनिंग के बगैर होटल उद्योग में जाते हैं इसलिए उन्हें आगे बढ़ने के लिए नीचे से शुरुआत करनी पड़ती है। ग्राफिक एरा ने ऐसे युवाओं को ट्रेनिंग देकर उनका भविष्य संवारने और उन्हें आगे बढ़ाने की योजना बनाई है। इसके लिए उत्तराखंड के गरीब परिवारों के युवाओं को देहरादून और हल्द्वानी में बिना किसी शुल्क होटल मैनेजमेंट का एक वर्ष का कोर्स कराया जायेगा। इसमें इंडस्ट्री की ट्रेनिंग भी होगी। इसके बाद ये युवा होटल उद्योग में अगले पायदान से अपना कैरियर शुरु कर सकेंगे और इनके पास आगे बढ़ने के ज्यादा अवसर होंगे। युवाओं को इसके लिए भी प्रशिक्षण दिया जायेगा कि वे गढ़वाल और कुमाऊं में विभिन्न गांवों में खाली पड़े घरों को ठीक कराकर बेहतरीन होम स्टे के रूप में अपना व्यवसाय चला सकें।

 

उन्होंने कहा कि ग्राफिक एरा अपने दो विश्वविद्यालयों, उनके चार परिसरों व मेडिकल कॉलेज के माध्यम से देहरादून, भीमताल और हल्द्वानी में वर्ल्ड क्लास फैकल्टी और दुनिया की नवीनतम टेक्नोलॉजी के जरिये उच्च स्तरीय प्रोफेशनल व टेक्निकल एजुकेशन दे रहा है। आर्थिक कारणों से इससे वंचित रहने वालों के लिए ग्राफिक एरा ने आगामी शैक्षणिक सत्र से उत्तराखंड में एक नई शुरुआत करने का निर्णय किया है। अब राज्य के गरीब परिवारों के बच्चों को देहरादून और भीमताल में यूनिवर्सिटी इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कोर्स बिना फीस करायेगी। इसका लाभ उठाकर वे बच्चे आगे बढ़ेंगे जो आर्थिक कारणों से उच्च स्तरीय तकनीकी व प्रोफेशनल शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। इनमें कम्प्यूटर साईंस, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रानिक एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग और सिविल इंजीनियरिंग में निशुल्क डिप्लोमा कोर्स शामिल हैं। होटल मैनेजमेंट और डिप्लोमा इंजीनियरिंग कोर्स निशुल्क करने के लिए चयनित होने वाले छात्र छात्राओं को केवल अपनी आवासीय व्यवस्था खुद करनी होगी।

 

पत्रकार वार्ता में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के हल्द्वानी परिसर के निदेशक डॉ मनोज लोहानी, भीमताल परिसर के निदेशक प्रोफेसर (कर्नल) ए के नायर और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

August 4, 2026

August 4, 2026

August 4, 2026

August 4, 2026

August 4, 2026

August 4, 2026

Leave a Comment