देहरादून, “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने बस में भरकर शराब पी रहे लोगों को थाने लाकर कार्रवाई की, जिसे लोगों ने ‘शराबियों की बारात’ के रूप में देखा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के क्रम में कोतवाली पुलिस ने राजपुर रोड, प्रिंस चौक और त्यागी रोड सहित विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थलों एवं वाहनों में शराब पीते पाए गए 35 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया।
सभी आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ के बाद पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 9000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही सभी को भविष्य में इस प्रकार की हरकत न करने की सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
