देहरादून, शिक्षा के वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराते हुए ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में विश्वविद्यालय को 200–250 रैंकिंग बैंड में स्थान मिला है, जबकि भारत में इसे 18वां स्थान प्राप्त हुआ है।
टाइम्स हायर एजुकेशन की यह प्रतिष्ठित रैंकिंग विश्वविद्यालयों को शैक्षणिक उत्कृष्टता, उच्चस्तरीय शोध, शोध के अंतरराष्ट्रीय प्रभाव, उद्योग से सहयोग और वैश्विक दृष्टिकोण जैसे मानकों पर परखकर जारी की जाती है। ऐसे में एशिया स्तर पर 200–250 बैंड और देश में 18वीं रैंक प्राप्त करना ग्राफिक एरा की मजबूत शैक्षणिक गुणवत्ता और तेजी से बढ़ती वैश्विक पहचान को दर्शाता है।
इसके साथ ही, THE वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में भी ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी को विश्व स्तर पर 601–800 रैंक बैंड में स्थान मिला है। आधुनिक सुविधाओं, सुदृढ़ इंडस्ट्री कनेक्शन और बेहतर वैश्विक एक्सपोज़र के दम पर विश्वविद्यालय ने न केवल अकादमिक उत्कृष्टता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विश्वसनीय पहचान भी मजबूत की है।
गुणवत्ता आधारित शिक्षा, शोध पर विशेष ध्यान और छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान देने की प्रतिबद्धता ही इस निरंतर सफलता का आधार रही है। इससे पहले भी विश्वविद्यालय ने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में ग्राफिक एरा को दक्षिण एशिया में 138वीं और एशिया में 523वीं रैंक प्राप्त हुई है। वहीं, केंद्र सरकार की एनआईआरएफ रैंकिंग में विश्वविद्यालय ने 48वां स्थान हासिल करते हुए लगातार छह वर्षों से देश के शीर्ष 100 संस्थानों में अपनी उपस्थिति बनाए रखी है।
ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा और मशीन लर्निंग जैसे क्षेत्रों में स्थापित विश्वस्तरीय सेंटरों के माध्यम से विश्वविद्यालय देश का पहला ‘जेनएआई कैंपस’ बन चुका है। उन्होंने कहा कि छात्रों को नवीनतम तकनीकों से जोड़ना और विश्वस्तरीय फैकल्टी उपलब्ध कराना ही बेहतर प्लेसमेंट का आधार है। यही कारण है कि गूगल, अमेज़न, माइक्रोसॉफ्ट, एटलसियन और एडोबी जैसी वैश्विक कंपनियां यहां के छात्रों को आकर्षक पैकेज पर नियुक्त कर रही हैं।





