---Advertisement---

रम्माण मेला में उमड़ा जनसैलाब, सलूड-डूंगरा बना आस्था का केंद्र

By: Naveen Joshi

On: Sunday, April 26, 2026 10:19 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

रामायण प्रसंगों के जीवंत मंचन ने मोहा मन, कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ ऐतिहासिक आयोजन

चमोली,  सलूड-डूंगरा गांव में  विश्व प्रसिद्ध सांस्कृतिक धरोहर रम्माण मेला का भव्य आयोजन हुआ। इस दौरान आस्था, परंपरा और लोकसंस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सवमय हो उठा।

रामायण की मूल कथा और उत्तराखंड की पारंपरिक मुखौटा शैली पर आधारित इस अनूठे लोकनाट्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में राम जन्म, वनगमन, स्वर्ण मृग वध, सीता हरण और लंका दहन जैसे प्रमुख प्रसंगों का सजीव मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार मुख्य रूप से मौजूद रहे। आयोजन समिति के संरक्षक कुशल सिंह भंडारी एवं सचिव भरत सिंह कुंवर ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आयोजन की सराहना की और स्थानीय संस्कृति के संरक्षण को महत्वपूर्ण बताया।

मेले की विशेषता इसकी पारंपरिक प्रस्तुति शैली है। इसमें भोजपत्र से बने 18 प्रकार के मुखौटों का उपयोग किया जाता है, जो स्थानीय शिल्पकला की समृद्ध विरासत को दर्शाते हैं। पूरे आयोजन में 12 ढोल, 12 दमाऊ, 18 ताल और 8 भंकोरों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2009 में यूनेस्को द्वारा ‘रम्माण’ को विश्व सांस्कृतिक धरोहर का दर्जा दिया गया था। यह आयोजन स्थानीय आराध्य भूम्याल देवता को समर्पित है और सदियों से लोक परंपराओं को जीवित रखने का कार्य कर रहा है।

मेले के दौरान चमोली पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

इस अवसर पर आईटीबीपी औली के महानिरीक्षक अखिलेख रावत, बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, राज्यमंत्री हरक सिंह नेगी, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योतिर्मठ देवेश्वरी शाह, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, आईटीबीपी कमांडेंट रतन सिंह सोनाल, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चन्द्र उनियाल सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment