देहरादून, राज्य सरकार ने सभी राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया को अनिवार्य कर दिया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी यूनिट धारकों को 30 मई तक हर हाल में अपनी ई-केवाईसी पूर्ण करनी होगी, अन्यथा भविष्य में राशन प्राप्ति में दिक्कतें आ सकती हैं।
ई-केवाईसी प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए नेशनल इनफॉर्मेटिक्स सेंटर द्वारा “मेरा ई-केवाईसी” ऐप विकसित किया गया है। इस ऐप के माध्यम से बुजुर्ग, दिव्यांग एवं असहाय लाभार्थी घर बैठे ही अपनी ई-केवाईसी आसानी से पूरी कर सकते हैं। ऐप में आधार संख्या, पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी और फेस रिकॉग्निशन के जरिए प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
जिला पूर्ति विभाग के अनुसार, सफेद राशन कार्ड धारकों में अब तक 72 प्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण हो चुकी है। कुल 9,58,624 धारकों में से 6,91,086 लाभार्थी प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। वहीं पीले राशन कार्ड धारकों में अब तक 40 प्रतिशत ई-केवाईसी पूरी हुई है, जहां कुल 5,03,316 में से 1,98,241 लाभार्थियों ने ई-केवाईसी कराई है।
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि “मेरा ई-केवाईसी” ऐप छूटे हुए लाभार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहा है। उन्होंने सभी राशन कार्ड धारकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी ई-केवाईसी अवश्य पूर्ण कर लें, ताकि उन्हें सरकारी खाद्यान्न का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे।





