इंडोनेशियाई खिलाड़ी को हराकर जीता मेडल, उत्तराखण्ड की प्रतिभा ने बढ़ाया देश का मान
देहरादून। श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) ग्रुप के पूर्व छात्र दिगम्बर सिंह रावत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए मिक्स मार्शल आर्ट (एमएमए) में खिताबी जीत हासिल कर उत्तराखण्ड का नाम रोशन किया है। नोएडा में आयोजित प्रतियोगिता में दिगम्बर ने इंडोनेशिया के खिलाड़ी अंगा को पराजित कर मेडल अपने नाम किया।
दिगम्बर सिंह रावत के साथ एसजीआरआर के ही पूर्व छात्र अमिन्दर सिंह बिष्ट भी अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों ने मंगलवार को दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज में पहुंचकर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर पूजनीय श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए दिगम्बर को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
दिगम्बर और अमिन्दर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, कर्णप्रयाग और आदिबदरी से प्राप्त की है और अब उच्च शिक्षा के लिए श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने जा रहे हैं।
गौरतलब है कि दिगम्बर सिंह रावत ने 70 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 10 देशों के 28 खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा में यह खिताबी जीत दर्ज की। दोनों खिलाड़ी पूर्व में भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं।
दिगम्बर की इस उपलब्धि से एसजीआरआर ग्रुप में खुशी का माहौल है। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने इसे गर्व का क्षण बताया है। दिगम्बर और अमिन्दर का लक्ष्य भविष्य में अल्टीमेट फाइटिंग चैम्पियनशिप (यूएफसी) में खिताब जीतकर देश का नाम और ऊंचा करना है, जिसके लिए वे निरंतर कड़ी मेहनत कर रहे हैं।





