देहरादून, उद्योग विभाग राज्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने रविवार को ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम (एमएसएमई), खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी से यमुना कॉलोनी स्थित कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कर्मचारी प्रतिनिधियों ने विभागीय समस्याओं एवं मांगों को लेकर मंत्री को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने स्थानांतरण, डीपीसी (पदोन्नति), मृतक आश्रित नियुक्ति, संविदा कर्मचारियों से जुड़े मामलों सहित विभिन्न मुद्दों को विस्तार से मंत्री के समक्ष रखा। कर्मचारियों ने विभागीय कार्यों के सुचारु संचालन एवं कार्मिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग भी की।
मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कर्मचारियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि सभी मामलों का नीतिगत एवं न्यायोचित समाधान किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों की समस्याओं के प्रभावी एवं शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी किसी भी विभाग की कार्यप्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर उद्योग विभाग राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, सचिव पंकज चौहान, प्रचार मंत्री प्रदीप नेगी, कोषाध्यक्ष सचिन, सदस्य नवीन मलाशी एवं प्रवीन मल्ल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।





