---Advertisement---

जनता दरबार में बुजुर्गों की पीड़ा सुन भावुक हुआ प्रशासन, तत्काल कार्रवाई के निर्देश

By: Naveen Joshi

On: Monday, May 11, 2026 10:38 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

देहरादून, (सू.वि.)। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार  कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में भूमि विवाद, अतिक्रमण, पारिवारिक उत्पीड़न, विद्युत सुरक्षा, आर्थिक सहायता, पेयजल, स्कूल फीस माफी और सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी कुल 201 शिकायतें दर्ज की गईं। प्रशासन ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान कई बुजुर्गों ने पारिवारिक प्रताड़ना और संपत्ति विवाद से जुड़ी शिकायतें प्रशासन के सामने रखीं। बीमार बुजुर्ग घनश्याम भण्डारी ने बड़े बेटे पर दुकान और मकान पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया। वहीं कैंसर पीड़ित 80 वर्षीय किस्मत सिंह ने बेटी और दामाद पर धोखाधड़ी से जमीन और मकान अपने नाम कराने तथा मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया। दोनों मामलों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को तत्काल कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

आमवाला निवासी 61 वर्षीय विधवा मुन्नी देवी ने बहू-बेटे पर मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाया, जिस पर एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। वहीं 65 वर्षीय गोदम्बरी देवी ने अपने सेवानिवृत्त पति द्वारा उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए इलाज और जीवनयापन के लिए आधी पेंशन दिलाने की मांग की।

जनता दरबार में ग्राम खाला क्षेत्र में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण झुके हाईटेंशन विद्युत खंभों से उत्पन्न खतरे का मामला भी प्रमुखता से उठा। इस पर विद्युत विभाग और नगर निगम को तत्काल सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए गए। वहीं राजकीय प्राथमिक विद्यालय किद्दूवाला के भवन के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानते हुए यूपीसीएल को शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया।

मोहकमपुर स्थित ज्वाल्पा एन्क्लेव में क्षतिग्रस्त बरसाती नाले और पुस्ते से जलभराव की समस्या पर सिंचाई विभाग को समाधान के निर्देश दिए गए। भोगपुर निवासी किसान सुरेश चन्द्र ने कृषि भूमि कटाव रोकने के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग रखी।

ग्राम सोरना और रुद्रपुर के ग्रामीणों ने सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण से सड़क मार्ग बाधित होने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं ग्राम माजरी में सिंचाई नहर बंद कर भूमि कब्जाने के मामले में एसडीएम को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

राजकीय इंटर कॉलेज भगद्वारी खाल में पेयजल आपूर्ति और संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने की समस्या पर जल संस्थान और जिला पंचायत राज अधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रायपुर निवासी सुभाष चन्द्र गुप्ता द्वारा घर में दूषित पानी आने की शिकायत पर जल संस्थान को स्थलीय निरीक्षण कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए।

प्रेमनगर निवासी रमेश सिंह ने पेयजल और विद्युत कनेक्शन ट्रांसफर होने के बावजूद 38 हजार रुपये का जल बिल भेजे जाने की शिकायत की। इस पर जल संस्थान को तत्काल समाधान करने को कहा गया। वहीं झाझरा स्थित अनिकेत गैस एजेंसी पर गैस वितरण में अनियमितता की शिकायत की जांच पूर्ति अधिकारी को सौंपी गई।

जनसुनवाई में आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों में भी कई लोग पहुंचे। ग्राम माधोवाला की मोनिका, अंजली और कुन्ती देवी ने बच्चों की शिक्षा के लिए सहायता मांगी, जबकि आजाद नगर निवासी अनवरी जहां ने पुत्री विवाह, प्रेम सिंह ने मकान मरम्मत तथा रविकांत शर्मा और सुनता सम्मल ने बच्चों की स्कूल फीस माफी के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। संबंधित अधिकारियों को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

जनता दरबार के दौरान नगर निगम, पशुपालन, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया।

इस अवसर पर एसडीएम स्मृता परमार, विनोद कुमार, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, अपर्णा ढौडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढौडियाल, तहसीलदार सुरेन्द्र देव, विवेक राजौरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment