---Advertisement---

चौबट्टाखाल के विकास कार्यों की सतपाल महाराज ने की समीक्षा

By: Naveen Joshi

On: Tuesday, May 12, 2026 6:51 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

देहरादून/पौड़ी, कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विधायक Satpal Maharaj की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार, पौड़ी में क्षेत्र के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनहित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मोटर मार्गों, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत, शिक्षा तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित समाधान एवं सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक का शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी द्वारा कैबिनेट मंत्री के स्वागत के साथ हुआ। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे नियमित रूप से ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करें, लोगों की समस्याएं सुनें तथा उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनता की समस्याएं शासन-प्रशासन तक पहुंचती हैं, इसलिए जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाना चाहिए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत विभिन्न मोटर मार्गों एवं निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति की समीक्षा की गई। कैबिनेट मंत्री ने सड़क निर्माण, सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरेखा का कार्य करती हैं, इसलिए दूरस्थ गांवों तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने परिवहन विभाग को लंबित मोटर मार्गों का शीघ्र सर्वेक्षण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने तथा स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने वन विभाग से जुड़े लंबित मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए वन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर 30 मई तक निरीक्षण प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में बताया गया कि स्टेज-2 के अंतर्गत स्वीकृत 16 कार्यों में से 8 पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 6 कार्य प्रगति पर हैं और 2 कार्य प्रारंभ नहीं हो सके हैं। वर्ष 2022 से स्वीकृत 40 डामरीकरण कार्यों में से 35 पूर्ण किए जा चुके हैं तथा शेष कार्य प्रगति पर हैं। इसके अतिरिक्त वन टाइम मेंटेनेंस एवं आपदा से संबंधित विशेष मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की गई।

कैबिनेट मंत्री ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पूर्व सभी निर्माणाधीन मोटर मार्गों एवं विकास कार्यों को पूर्ण कर लिया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में पेयजल, ग्रामीण निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा, लघु सिंचाई, पशुपालन, बाल विकास, युवा कल्याण एवं समाज कल्याण विभागों की भी समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली में रिक्त पदों का मामला सामने आने पर कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्रीय स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात कार्मिकों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्युत विभाग को क्षेत्र में झूलती विद्युत लाइनों एवं क्षतिग्रस्त पोलों को तत्काल ठीक कर सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पर्यटन विभाग को सतपुली स्थित एंग्लिंग हट के कार्यों की जांच तथा सिंचाई विभाग को निरीक्षण भवन का निर्माण आगामी तीन माह के भीतर पूर्ण करने को कहा।

बैठक में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment