---Advertisement---

आईटी और अन्य क्षेत्रों में युवाओं को मिले रोजगार के अवसर

By: Naveen Joshi

On: Thursday, May 14, 2026 7:07 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

देहरादून। सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (आईटीडीए) की ओर से  आईआरडीटी ऑडिटोरियम में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में दिल्ली-एनसीआर एवं उत्तराखण्ड की 21 प्रतिष्ठित आईटी एवं अन्य क्षेत्रों की कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें विभिन्न पदों के लिए 359 युवक-युवतियों ने साक्षात्कार दिया। चयन प्रक्रिया के बाद 195 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा जैव प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण तथा सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मंत्री प्रदीप बत्रा ने रोजगार मेले में भाग लेने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने प्रतिभागी युवक-युवतियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

रोजगार मेले में आईटीडीए-एस्कल के प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं, भूतपूर्व सैनिकों के आश्रितों एवं अन्य युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं की सक्रिय भागीदारी को देखते हुए मंत्री गणेश जोशी ने भविष्य में भी इस प्रकार के रोजगारोन्मुखी आयोजनों को निरंतर आयोजित किए जाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रदेश के युवाओं को बेहतर रोजगार अवसर प्राप्त होंगे और पलायन की समस्या में भी कमी आएगी।

इस दौरान मंत्री गणेश जोशी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। साथ ही साक्षात्कार प्रक्रिया में सहयोग देने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समापन युवाओं के उज्ज्वल भविष्य तथा प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित करने के संकल्प के साथ हुआ।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment