देहरादून/रुद्रप्रयाग/चमोली। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने श्री केदारनाथ एवं बद्रीनाथ धाम पहुंचकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की तथा देश-प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने विश्व को वैश्विक संकटों से मुक्ति मिलने और मानवता में शांति एवं सद्भाव स्थापित होने की प्रार्थना भी की।
पर्यटन मंत्री ने दोनों धामों में चल रही यात्रा व्यवस्थाओं और पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंदिर समिति के पदाधिकारियों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया गया। उन्होंने चारधाम यात्रा के सफल संचालन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष पूजा भी संपन्न कराई।
मीडिया से बातचीत में सतपाल महाराज ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा रिकॉर्ड स्तर पर संचालित हो रही है और राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक शक्ति पूरे विश्व को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के हित में उनकी संस्था “मानव उत्थान सेवा समिति” के माध्यम से 10 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा कराया गया है। बीमा प्रीमियम की 3 लाख 67 हजार 995 रुपये की धनराशि का चेक सेवा कर सहित बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के माध्यम से यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को प्रदान किया गया है। इसके अंतर्गत प्रत्येक धाम के लिए 2.50 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा निर्धारित किया गया है।
महाराज ने बताया कि बीमा पॉलिसी के तहत मंदिर परिसर में भगदड़, ईश्वरीय आपदा अथवा आतंकवादी घटना से प्रभावित प्रत्येक श्रद्धालु को एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि यात्रा पर आने से पूर्व चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लें तथा स्वास्थ्य के अनुरूप तैयारी करके ही यात्रा करें। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, इसलिए आवश्यक दवाइयां एवं जरूरी उपकरण साथ रखें। उन्होंने यात्रियों से पहचान पत्र एवं यात्रा अनुमति पत्र साथ रखने तथा सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और गाइडलाइन का पालन करने की भी अपील की।
इस अवसर पर उनकी पुत्रवधू आराध्या रावत एवं मोहिना रावत भी उपस्थित रहीं।






