मुख्य सचिव ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा

By: Naveen Joshi

On: Saturday, May 23, 2026 3:15 PM

Google News
Follow Us
------

 

मानसून से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश, होल्डिंग एरिया और निकासी योजना पर विशेष जोर

देहरादून। चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शनिवार को आईटी पार्क स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मानसून सीजन को देखते हुए सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि चारों धामों में श्रद्धालुओं को दर्शन सरलता और सुगमता से हों तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन, बीकेटीसी और अन्य हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की स्थिति में पूर्व वर्षों की भांति रात्रिकालीन दर्शन व्यवस्था को भी प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।

उन्होंने यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों और निचले क्षेत्रों में बनाए गए होल्डिंग एरिया को सक्रिय करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि इन स्थानों पर पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, भोजन और ठहरने जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।

मुख्य सचिव ने आगामी मानसून सीजन के मद्देनजर भारी वर्षा और भूस्खलन जैसी संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी जनपदों को पहले से तैयारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में आपातकालीन निकासी योजना तैयार रखी जाए और जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट जैसी व्यवस्थाओं के लिए भी समुचित तैयारी सुनिश्चित की जाए। युकाडा को भी अपनी निकासी योजना तैयार रखने को कहा गया।

उन्होंने संबंधित जिलों को राशन, दवाइयों और अन्य आवश्यक सामग्रियों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्य सचिव ने यात्रा पंजीकरण के साथ स्वास्थ्य जांच को अनिवार्य रूप से प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं, छोटे बच्चों तथा गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों को यात्रा से बचने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में सचिव शैलेश बगौली, सचिन कुर्वे, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, सचिव विनोद कुमार सुमन, धीराज गर्ब्याल तथा एडीजी डॉ. वी. मुरूगेशन सहित संबंधित जिलों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1

Naveen Joshi

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment