देहरादून। दून पुलिस ने भू-माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की भूमि धोखाधड़ी का खुलासा किया है। पुलिस ने एक वृद्ध की राजपुर रोड स्थित बेशकीमती जमीन की फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर उसे बेचने के आरोप में 70 वर्षीय महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, राजपुर रोड निवासी बलवंत सिंह ने 7 जून को थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि दीपक अग्रवाल और मान देवी ने उनकी मौजा डाक पट्टी, राजपुर रोड स्थित जमीन की फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर 120-120 गज के दो प्लॉट दिल्ली के दो खरीदारों को बेच दिए। आरोप है कि इस फर्जी सौदे के जरिए आरोपियों ने करोड़ों रुपये की रकम हासिल की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर तंत्र, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लगातार दबिश के बाद मंगलवार को राजपुर तिराहे के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक अग्रवाल (52), निवासी आशीर्वाद एंक्लेव, देहरा खास और मान देवी (70), निवासी राजपुर रोड शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने इसी तरह की अन्य भूमि धोखाधड़ी की वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत भू-माफियाओं और भूमि धोखाधड़ी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।









