Advertisement

जनहित और विकास को प्राथमिकता: ₹495 करोड़ की परियोजनाओं को मुख्यमंत्री धामी की मंजूरी

By: Naveen Joshi

On: Tuesday, July 7, 2026 5:02 PM

Google News
Follow Us

 

सड़क, पार्किंग, विद्युत, पर्यटन, पंचायत, शहरी निकाय और धार्मिक स्थलों के विकास के साथ कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी तथा दो मोटर मार्गों के नाम परिवर्तन को भी स्वीकृति

देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के समग्र विकास को नई गति देते हुए विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों और जनकल्याणकारी परियोजनाओं के लिए लगभग ₹495 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों में कुंभ मेला-2027 की तैयारियां, सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण, शहरी स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों को वित्तीय सहायता, पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों का विकास, पार्किंग, विद्युत व्यवस्था तथा आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के अंतर्गत नरेंद्रनगर विधानसभा में भारपुर-पोंथ मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए ₹3.08 करोड़ की स्वीकृति दी है। वहीं सल्ट (अल्मोड़ा) स्थित भिकियासैंण के शिव मंदिर के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹53.51 लाख तथा प्रथम किश्त के रूप में ₹32.10 लाख जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।

धारचूला में जुम्मा मल्ला ग्वार से छिपला सरोवर तक मार्ग निर्माण, द्वाराहाट में रामपादुका मंदिर पर स्नान घाट निर्माण तथा चंपावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना जैसी परियोजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। हरिद्वार और लक्सर क्षेत्रों में सीसी मार्गों के निर्माण एवं सड़क सुधारीकरण के लिए भी करोड़ों रुपये की मंजूरी दी गई है।

सितारगंज (ऊधमसिंह नगर) में विभिन्न ग्रामीण संपर्क मार्गों के पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है, जिससे क्षेत्रीय आवागमन और ग्रामीण विकास को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने डीडीहाट न्यायालय परिसर में शिशु गृह की स्थापना, 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में आरटीसी एवं बैरकों के निर्माण तथा सीमांत गांव गुंजी के सर्वांगीण विकास के लिए भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

राज्य के समस्त शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के लिए ₹328.28 करोड़ तथा सभी जिला पंचायतों को ₹82.21 करोड़ की धनराशि तदर्थ रूप से स्वीकृत की गई है, जिससे स्थानीय विकास कार्यों को गति मिलेगी।

इसके अतिरिक्त रामनगर में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण, चंपावत में एडवेंचर पार्क, देहरादून में संभागीय परिवहन कार्यालय भवन के विस्तार तथा कुंभ मेला-2027 के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु ₹43.87 करोड़ की स्वीकृति भी मुख्यमंत्री ने प्रदान की है।

कर्मचारियों को महंगाई भत्ते का लाभ

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार तथा राज्य स्वायत्त निकायों एवं उपक्रमों के उन कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में वृद्धि को भी मंजूरी दी है, जो पांचवें एवं छठवें केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार वेतन प्राप्त कर रहे हैं। 1 जनवरी 2026 से पांचवें वेतनमान के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत तथा छठवें वेतनमान के कर्मचारियों का 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत कर दिया गया है।

दो मोटर मार्गों का बदलेगा नाम

मुख्यमंत्री ने रानीखेत (अल्मोड़ा) में बिडोरा–छेवी पातशाही गेट–धूमखेड़ा मार्ग का नाम “साहिबजादे फतेह सिंह रोड” तथा सौनी–डौड़ाखाल–तिपोला मोटर मार्ग का नाम राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय पूरण सिंह डंगवाल के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment