चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
पोखरी क्षेत्र की अधिष्ठात्री मां चंडिका देवी चमेठी की प्रस्तावित बन्याथ (देवरा) यात्रा को लेकर गुरुवार को ब्लॉक सभागार पोखरी में चंडिका देवी समिति की बैठक आयोजित की गई। समिति अध्यक्ष जगदीश सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में यात्रा की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए लोगों ने अपने सुझाव रखते हुए बन्याथ यात्रा का कार्यक्रम समयबद्ध तरीके से तय करने पर जोर दिया। साथ ही क्षेत्रवासियों से इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में ब्रह्म गुरु दीपक कुंवर के संबंध में फैलाई जा रही भ्रांतियों पर भी चर्चा हुई। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि बन्याथ (देवरा) यात्रा के लिए ब्रह्म गुरु के रूप में दीपक कुंवर ही अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। यह भी तय किया गया कि यात्रा से संबंधित सभी निर्णय मंदिर समिति और देवरा यात्रा समिति के पदाधिकारियों की आपसी सहमति से ही लिए जाएंगे।
बैठक में मंदिर समिति के अध्यक्ष बीरेंद्र राणा, महिधर पंत, कुंवर सिंह चौधरी, भरत सिंह, राघवानंद डंगवाल, हनुमंत सिंह असवाल, अनंत राम भट्ट, राकेश बासकंडी, रमेश चौधरी, सत्येंद्र सिंह बुटोला, माहेश्वरी देवी, लक्ष्मी देवी, राजेश्वरी देवी, मीना देवी सहित क्षेत्र के अनेक महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।









