चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित देशव्यापी कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री ने देशभर के युवाओं से संवाद किया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक रूप से राष्ट्र निर्माण में लगाना और नशे जैसी समस्याओं को समाप्त करने के प्रयासों को गति प्रदान करना है। ऑनलाइन कार्यक्रम में NSD दिल्ली द्वारा नशे की जागरूकता वीडियो को प्रदर्शित किया गया।
महाविद्यालय में ब्रह्म कुमारी संस्था से बहन किरण द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में युवाओं को शांत चित्त होने का महत्व बताया गया और सूक्ष्म योगाभ्यास कराया गया।
प्राचार्य प्रो एमपी नगवाल द्वारा स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा मुक्ति अभियान विकसित भारत के लिए एक जरूरी कदम है और युवा ही राष्ट्र निर्माण का आधार है। इस अवसर पर एंटी ड्रग सेल प्रभारी डॉ राजेश कुमार चंद्रियाल ने सभी को नशामुक्ति शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में एनसीसी, एनएसएस, रेंजर रोवर्स,नमामि गंगे एवं रेडक्रॉस के स्वयंसेवक संयोजकों सहित उपस्थित रहे। डॉ राजेश कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर द्वारा सभी आगंतुकों और उपस्थितियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ विधि ढौंडियाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ ज्योति टम्टा, डॉ अनुराग शर्मा, डॉ राजेश कुमार, डॉ राजकुमार, डॉ जोगेंद्र, योगेंद्र लिंगवाल,गीता कन्याल आदि उपस्थित रहे।









