Advertisement

घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस चोरी का खुलासा, वितरण वाहन जब्त

By: Naveen Joshi

On: Sunday, August 16, 2026 11:05 PM

Google News
Follow Us

देहरादून। जिलाधिकारी देहरादून के निर्देश पर घरेलू गैस वितरण में अनियमितता की शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए पूर्ति विभाग की टीम ने ग्राम सोडा सिरौली में छापेमारी कर गैस चोरी के मामले का खुलासा किया। जांच के दौरान ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर की घरेलू गैस वितरण गाड़ी से चार सिलेंडरों से गैस निकाले जाने की पुष्टि हुई। मामले में गैस वितरण वाहन को जब्त कर संबंधित कर्मियों एवं गैस सेवा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जांच के लिए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट को मौके पर भेजा गया। टीम ने ग्राम सोडा सिरौली में ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर की घरेलू गैस वितरण गाड़ी की जांच की। वाहन में कुल 26 घरेलू गैस सिलेंडर मिले। इनमें से चार सिलेंडरों से करीब एक किलो से 6.5 किलो तक गैस निकाली जा चुकी थी, जबकि 22 सिलेंडर पूरी तरह भरे हुए पाए गए।
जांच के दौरान मौके से गैस स्थानांतरण में इस्तेमाल किया जा रहा रिफिलर भी बरामद हुआ। स्थानीय लोगों ने भी वितरण कर्मियों द्वारा कथित रूप से गैस निकाले जाने की पुष्टि की और इसका वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गैस वितरण वाहन को जब्त कर लिया।
पूर्ति विभाग की ओर से संबंधित कर्मचारी जयप्रकाश पुत्र प्रेमशंकर एवं रटनेश चंद्रपाल पुत्र के खिलाफ तथा ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर, देहरादून के विरुद्ध थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। बरामद सभी 26 गैस सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से निकटवर्ती सहकारी गैस सेवा में जमा करा दिया गया।
जांच टीम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट और पूर्ति सहायक विजय शामिल रहे। जिला पूर्ति अधिकारी देहरादून के.के. अग्रवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ आगे भी कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment