देहरादून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा के प्रति प्रत्येक नागरिक को सजग और जागरूक रहना चाहिए। राष्ट्र की सुरक्षा केवल सीमा पर तैनात जवानों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है। नशामुक्त, स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक युवा ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला तैयार कर सकते हैं।
डॉ. शैलेंद्र परेड ग्राउंड में सीमा जागरण मंच उत्तराखंड एवं विमला देवी मेमोरियल शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘परेड ग्राउंड मैराथन-2026’ को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। सीमा सुरक्षा और नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता के उद्देश्य से आयोजित मैराथन का शुभारंभ उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष मेजर जनरल गुलाब सिंह रावत और पीसीएस अधिकारी रमेंदी मंद्रवाल के साथ हरी झंडी दिखाकर किया।
मैराथन के दौरान परेड ग्राउंड देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। देशभक्ति गीतों और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित प्रस्तुतियों ने प्रतिभागियों और दर्शकों में जोश भर दिया। युवाओं ने दौड़ के माध्यम से सीमा सुरक्षा, राष्ट्रप्रेम और नशामुक्ति का संदेश दिया।
डॉ. शैलेंद्र ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्हें अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली प्रदान करता है। प्रत्येक युवा को खेल भावना के साथ राष्ट्रहित के कार्यों में आगे आना चाहिए।
पुरुष वर्ग में मुकेश, महिला वर्ग में राविन प्रथम
मैराथन प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में मुकेश ने प्रथम, रोहित ने द्वितीय और प्रिंस ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं महिला वर्ग में राविन प्रथम, तनु द्वितीय और गायत्री तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागियों को खेल प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सह प्रांत प्रचारक चंद्रशेखर, प्रदेश संगठन मंत्री आशीष वाजपेयी, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य विपुल गुप्ता, महानगर प्रचारक देव राज, सीमा जागरण मंच के सह संयोजक शैलेश शर्मा, हरविंदर सिंह, दुर्गेश भट्ट, राजन गुप्ता, ओमप्रकाश शुक्ला, अरविंद तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नशामुक्त युवा और सजग नागरिक ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला : डॉ. शैलेंद्र
By: Naveen Joshi
On: Sunday, August 23, 2026 6:49 PM













